Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    204 करोड़ की लागत से बांसडीह-बलिया और घोसी मार्ग का होगा चौड़ीकरण, तीन जिलों के बीच बेहतर होगा आवागमन

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 08:11 PM (IST)

    पूर्वांचल के महत्वपूर्ण बांसडीह-बलिया-घोसी मार्ग (राज्यमार्ग-107) के 204 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। यह परियोजना बलिया, मऊ ...और पढ़ें

    204 करोड़ की लागत से बांसडीह-बलिया-घोसी मार्ग का होगा चौड़ीकरण।

    204 करोड़ की लागत से बांसडीह-बलिया-घोसी मार्ग का होगा चौड़ीकरण।

    HighLights

    1. बांसडीह-बलिया-घोसी मार्ग का 204 करोड़ में चौड़ीकरण।

    2. बलिया, मऊ, देवरिया जिलों को मिलेगा बेहतर आवागमन।

    3. व्यापार, कृषि परिवहन और सुरक्षा में होगा सुधार।

    जागरण संवाददाता, बलिया। पूर्वांचल के महत्वपूर्ण बांसडीह-बलिया-घोसी मार्ग (राज्यमार्ग-107) के चौड़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड ने करीब 204 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। इस परियोजना से बलिया, मऊ और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

    यह मार्ग बलिया मुख्यालय को बांसडीह होते हुए मऊ जनपद के घोसी से जोड़ता है। सड़क के चौड़ीकरण से बलिया नगर, बांसडीह, सहतवार, दुबहड़, हनुमानगंज, रेवती, बैरिया क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं मऊ जिले के घोसी, कोपागंज तथा आसपास के गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

    यह मार्ग बलिया और मऊ के बीच व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है।इसके अलावा देवरिया जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा।

    सड़क की चौड़ाई बढ़ने से बांसडीह, सहतवार, केवरा, आदर, सोनबरसा, शिवरामपुर, चितबड़ागांव से जुड़े संपर्क मार्गों से आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।

    यह भी पढ़ें- चंदौली में पांच करोड़ के प्रस्ताव को मिली हरी झंडी, गांवों के विकास को मिलेगी रफ्तार

    इसके अलावा सब्जी, अनाज, दुग्ध और अन्य कृषि उत्पादों का परिवहन तेज और सुगम होगा, जिससे किसानों और व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के तहत आवश्यकतानुसार भूमि अधिग्रहण, पुल-पुलियों का विस्तार, सड़क सुरक्षा के लिए संकेतक, डिवाइडर और अन्य आवश्यक कार्य भी कराए जाएंगे। विभाग का कहना है कि डीपीआर तैयार होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती हैं। चौड़ीकरण के बाद न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि बलिया और मऊ के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस परियोजना को जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

    खबरें और भी

    बांसडीह-बलिया-घोसी मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य विधानसभावार कार्ययोजना में सम्मिलित किया गया है। बेल्थरारोड विधानसभा के अंतर्गत 22.823 किमी, बेल्थरारोड विधानसभा के अंतर्गत 14.973 किमी व रसड़ा विधानसभा अंतर्गत 16.177 किमी सड़क चौड़ी होगी।इसके अलावा अन्य 87 करोड़ रुपये से सिकंदरपुर-बांसडीह-रेवती-बैरिया-लालगंज मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। -कमलाकांत, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, प्रांतीय खंड, बलिया।