Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बलिया में सिपाही ने गर्भवती महिला को लात-घूंसों से पीटा, SP ने किया लाइन हाजिर

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 11:21 PM (IST)

    बलिया के सारंगपुर गांव में एक जमीन विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। एक सिपाही ने गर्भवती महिला को लात-घूंसों से पीटा, जिसका वीडियो सी ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. बलिया में जमीन विवाद पर पुलिस की बर्बरता।

    2. गर्भवती महिला को सिपाही ने लात-घूंसों से पीटा।

    3. सीसीटीवी वीडियो वायरल, आरोपी सिपाही सुजीत कुमार लाइन हाजिर।

    जागरण संवाददाता, बलिया। कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव में एक जमीन विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि एक सिपाही ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए एक गर्भवती महिला को लात घूंसों से जमकर पीटा।

    इस बर्बरता की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रचलित हो रहा है। सारंगपुर गांव निवासी पीड़ित परिवार का जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

    पीड़िता का आरोप है कि विपक्षी पक्ष न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर जबरन जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसकी सूचना डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ कोतवाली का एक सिपाही भी वहां पहुंचा। पीड़िता ने बताया कि सिपाही ने उसके चाचा को जबरन हिरासत में लेने का प्रयास किया।

    जब उसने बीच बचाव करते हुए अपने चाचा को ले जाने से रोका, तो सिपाही आगबबूला हो गया। आरोप है कि मौके पर किसी महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी न होने के बावजूद सिपाही गर्भवती महिला को पीटने लगा। उसे जमीन पर पटककर लात घूंसों से पीटा।

    खबरें और भी

    आरोप है कि वह न्याय की आस में जब बांसडीह कोतवाली पहुंची तो वहां उसकी फरियाद सुनने के बजाय पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराने तक से इनकार कर दिया और उसे थाने से भगा दिया।

    हारकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपित सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    फिलहाल महिला को पीटने वाले सिपाही सुजीत कुमार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा लाइन हाजिर कर दिया गया है।

    यह भी पढ़ें- एक लापरवाही पड़ी भारी! बलिया के 1.38 लाख किसानों की अटक सकती है किसान सम्मान निधि