बलिया में 450 से अधिक गांवों की बत्ती गुल, इंटरनेट और मोबाइल सेवाओं पर भी पड़ा असर
बलिया में भारी बारिश के कारण 450 से अधिक गांवों में 24 घंटे से ज्यादा समय से बिजली गुल है, जिससे लाखों उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से म ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बलिया में भारी बारिश से 450 से अधिक गांवों में बिजली गुल।
24 घंटे से अधिक समय से ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित।
मोबाइल टावर और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित, मरम्मत जारी।
जागरण संवाददाता, बलिया। जिले में दो दिन हुई भारी बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कहीं हाईटेंशन लाइन में खराबी तो कहीं तार और खंभे टूटने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे से अधिक समय से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जिले के 450 से अधिक गांवों में बिजली गुल होने से लाखों उपभोक्ता परेशान रहे। शहर में भी बिजली की कटौती जारी रही।
बिजली आपूर्ति ठप होने से मोबाइल टावरों ने भी काम करना बंद कर दिया, जिससे इंटरनेट सेवा प्रभावित हुई। आनलाइन कार्य, साइबर कैफे और अन्य डिजिटल सेवाओं पर भी असर पड़ा। बैरिया क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन में खराबी के कारण ढाई सौ से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे करीब तीन लाख ग्रामीण प्रभावित हुए।
उपखंड अधिकारी हंसराज यादव ने बताया कि कई स्थानों पर खंभे और तार क्षतिग्रस्त हुए हैं। सोमवार शाम तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, बेलहरी विकासखंड के सोनवानी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 200 गांवों में भी बिजली संकट रहा। सोनवानी-रामपुर के बीच 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन और बिगही फीडर में फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई। विभागीय कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे रहे।