Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बलिया में प्यार, धोखा और 6 घंटे का हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 03:02 PM (IST)

    बलिया में प्यार में मिले धोखे से हताश एक महिला प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गई और करीब छह घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। प्रशासनिक अधिक ...और पढ़ें

    प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला।

    प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला।

    HighLights

    1. महिला प्रेमी से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी।

    2. करीब छह घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रशासन परेशान।

    3. अधिकारियों के आश्वासन पर महिला सुरक्षित नीचे उतरी।

    जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। प्यार में मिले धोखे और न्याय न मिलने से हताश एक महिला ने रविवार को बांसडीहरोड क्षेत्र के छितौनी (फरसाटार) गांव में स्थित जियो के मोबाइल टावर पर चढ़कर करीब छह घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया।

    महिला की जिद थी कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और उससे उसकी शादी कराई जाए। काफी मान मनौव्वल और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिला नीचे उतरी, तब जाकर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

    यह है पूरा मामला

    मनियर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला का छितौनी गांव के युवक से प्रेम प्रसंग था। कुछ दिनों पहले दोनों के बीच हुए विवाद के बाद स्वजन की मौजूदगी में संबंध विच्छेद हो गया था, जिसके बाद युवक रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश चला गया।

    प्रेमी से संपर्क न होने पर व्यथित महिला रविवार भोर में चुपके से छितौनी गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह जब ग्रामीणों ने महिला को टावर पर देखा, तो भारी भीड़ जमा हो गई।

    पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

    महिला का कहना है कि एक साल पहले उसके शराबी पति ने उसे और उसके मासूम बच्चे को घर से निकाल दिया था। वह अपने मायके में अकेली रह रही थी। इस दौरान उसकी युवक से बांसडीह में मुलाकात हुई। आरोप है कि 14 अप्रैल 2025 को युवक ने उसके घर आकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया, बाद में शादी और नौकरी का झांसा देकर वह उसे गुजरात ले गया। वहां छह महीने तक शारीरिक संबंध बनाए।

    खबरें और भी

    महिला ने बताया कि 18 अप्रैल 2026 को युवक उसे गुजरात में अकेला छोड़कर भाग गया। जब वह 22 अप्रैल को उसके घर छितौनी पहुंची, तो उसके माता पिता, भाई और बहन ने जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक गुहार लगाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उसे यह कदम उठाना पड़ा।

    प्रशासनिक सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

    सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ महिला सिपाही मौके पर पहुंचीं। महिला लगातार अपनी मांग पर्ची पर लिखकर नीचे फेंक रही थी। माहौल बिगड़ता देख तहसीलदार बांसडीह नितिन कुमार सिंह और सीओ जयशंकर मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपित प्रेमी की मां को मौके पर बुलाया।

    प्रेमी की मां और अधिकारियों द्वारा शादी कराने का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही महिला टावर से नीचे उतरी। इस संबंध में थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण में महिला व युवक के परिवार से वार्ता का क्रम जारी है। संवाद से मामले को हल करने का प्रयास किया जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- आगरा की सड़क पर पति-पत्नी और प्रेमिका का ड्रामा: गर्लफ्रेंड की पिटाई लगाकर विवाहिता ने किया यमुना में कूदने का प्रयास