मई में होगी CBSE 10वीं के दूसरे चरण की परीक्षा, 19 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन
बलिया में सीबीएसई 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। 15 अप्रैल को परिणाम के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई है। ...और पढ़ें

मई में होगी CBSE 10वीं के दूसरे चरण की परीक्षा।
HighLights
सीबीएसई 10वीं द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन शुरू।
19 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक करें आवेदन।
गणित विषय में विकल्प बदलने की सुविधा उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, बलिया। नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, माल्देपुर द्वारा कक्षा 10 की द्वितीय बोर्ड परीक्षा 2026 में लिस्ट आफ कैंडिडेट्स (एलओसी) सबमिशन को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 15 अप्रैल को कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदन एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल दोपहर दो बजे तक निर्धारित की गई है।
जो विद्यार्थी अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं या कंपार्टमेंट श्रेणी में हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा। द्वितीय बोर्ड परीक्षा मई माह में आयोजित की जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य व सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि छात्र गणित विषय में विकल्प परिवर्तन कर सकते हैं।
मुख्य परीक्षा में मैथेमैटिक्स स्टैंडर्ड लेने वाले छात्र द्वितीय परीक्षा में मैथेमैटिक्स बेसिक का चयन कर सकते हैं, जबकि मैथेमैटिक्स बेसिक लेने वाले छात्र मैथेमैटिक्स स्टैंडर्ड का चयन कर सकते हैं। अन्य विषयों में किसी प्रकार का परिवर्तन मान्य नहीं होगा।
जिन छात्रों का नाम प्रथम चरण में शामिल नहीं हुआ था, वह अब आवेदन कर सकते हैं। प्रथम चरण में पंजीकरण करा चुके छात्र केवल परीक्षा शुल्क जमा करेंगे। कंपार्टमेंट श्रेणी के छात्र उसी श्रेणी में द्वितीय परीक्षा में शामिल होंगे। सबमिशन पूर्ण होने के बाद किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।