बलिया में 20 जुलाई तक भरना होगा मनरेगा का मस्टर रोल, लापरवाही बरतने पर रुक सकता है भुगतान
नवानगर विकास खंड की सभी 50 ग्राम पंचायतों को मनरेगा के मस्टर रोल और बिलों की फीडिंग 20 जुलाई तक पूरी करनी होगी। समय पर फीडिंग न होने पर मजदूरों की मजद ...और पढ़ें

20 जुलाई तक मनरेगा के मस्टर रोल नहीं भरे तो रुक सकता है भुगतान।
HighLights
नवानगर में मनरेगा मस्टर रोल फीडिंग की अंतिम तिथि 20 जुलाई।
समय पर फीडिंग न होने से मजदूरों का भुगतान रुकेगा।
लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय होगी।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। नवानगर विकास खंड की सभी 50 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत संचालित कार्यों से जुड़े मस्टर रोल और संबंधित बिलों की फीडिंग अब 20 जुलाई तक हर हाल में पूरी करनी होगी।
इसके बाद मनरेगा पोर्टल पर संबंधित वित्तीय वर्ष की फीडिंग की सुविधा बंद हो जाएगी। यदि किसी ग्राम पंचायत का मस्टर रोल या बिल समय पर नहीं भरा गया तो मजदूरों की मजदूरी और विकास कार्यों के भुगतान पर असर पड़ सकता है।
भारत सरकार के आदेश के अनुसार 20 जुलाई के बाद इस वित्तीय वर्ष के मस्टर रोल और संबंधित बिलों की फीडिंग नहीं हो सकेगी। इसलिए सभी लंबित प्रविष्टियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कराई जाएं।
नवानगर के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि विकास खंड की सभी 50 ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक और अन्य संबंधित कर्मचारियों को लंबित मस्टर रोल एवं बिलों की फीडिंग तुरंत पूरी करने के लिए कहा गया है।
सभी ग्राम पंचायतों की लगातार निगरानी भी की जा रही है ताकि अंतिम तिथि तक कोई भी मस्टर रोल या बिल लंबित न रहे।20 जुलाई के बाद संबंधित मस्टर रोल और बिल मनरेगा पोर्टल पर दर्ज नहीं किए जा सकेंगे। इससे मजदूरों की मजदूरी मिलने में देरी हो सकती है। विकास कार्यों के भुगतान भी अटक सकते हैं।
साथ ही ग्राम पंचायतों को प्रशासनिक और वित्तीय परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। शासन ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के बाद होने वाली ऐसी दिक्कतों के लिए संबंधित जनपद स्वयं जिम्मेदार होगा।
समय पर फीडिंग पूरी होने का फायदा
यदि सभी मस्टर रोल और बिल समय पर पोर्टल पर दर्ज हो जाते हैं तो मजदूरों की मजदूरी समय से मिलेगी। विकास कार्यों का भुगतान बिना रुकावट होगा। पंचायतों के लंबित भुगतान पूरे हो सकेंगे और वित्तीय वर्ष का काम समय पर पूरा हो जाएगा। इससे आगे की कार्यवाही भी आसानी से हो सकेगी।
खबरें और भी
अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 20 जुलाई तक मनरेगा के सभी लंबित मस्टर रोल और संबंधित बिलों की फीडिंग हर हाल में पूरी कर ली जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।