स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बढ़ी उपभोक्ताओं की परेशानी, रिचार्ज के बाद भी देर से आ रही बिजली
बलिया में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। बैलेंस शून्य या माइनस होने पर बिजली तुरंत कट जाती है, और भुगतान के बाद भी आपूर ...और पढ़ें

स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बढ़ी उपभोक्ताओं की परेशानी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ताओं को बिजली के लिए पूरी तरह रिचार्ज सिस्टम पर निर्भर रहना पड़ रहा है। नई प्रणाली में यदि मीटर का बैलेंस शून्य या माइनस हो जाता है तो बिजली आपूर्ति तत्काल बंद हो जाती है।
इतना ही नहीं, माइनस बिल जमा करने के बाद भी बिजली तब तक बहाल नहीं की जा रही है, जब तक बैलेंस पॉजिटिव में न आ जाए। पहले ऐसी स्थिति में बिल जमा करने के कुछ समय बाद आपूर्ति चालू हो जाती थी, लेकिन अब इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। टोल-फ्री नंबर पर शिकायत करने के बावजूद भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है।
नगरा डिविजन के अंतर्गत नगरा, जाम, सलेमपुर, रनऊपुर, दिलमन मधुकीपुर व कसौंडर उपकेंद्रों पर कुल 37,985 उपभोक्ता हैं। इनमें से अब तक 13,765 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोग इस नई व्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं।
एसडीओ जाहिद इकबाल ने बताया कि विद्युत छूट योजना के लाभार्थियों पर इस प्रकार की कटौती लागू नहीं होती है। उन्हें केवल वर्तमान खपत के अनुसार रिचार्ज करना होता है।
यह भी पढ़ें- Smart Meter Bill: यूपी में सोलह घंटे बंद रहेगी बिजली बिल के बिलिंग से जुड़ी सभी सेवाएं, विभाग ने बताई वजह
यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर उपभाेक्ताओं के लिए अच्छी खबर, अब बैलेंस खत्म होने पर नहीं कटेगी बिजली; प्रीपेड रिचार्च पर छूट