ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बलरामपुर में 8.44 लाख की ठगी, साइबर जालसाज सक्रिय
बलरामपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने एक युवक और उसके साथियों से 8.44 लाख रुपये की ठगी की। ...और पढ़ें

HighLights
आनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर ठगी।
युवक और साथियों से 8.44 लाख रुपये लूटे।
साइबर क्राइम थाना में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग में लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने एक युवक और उसके साथियों से आठ लाख 44 हजार रुपये की ठगी कर ली।
शुरुआत में मामूली निवेश पर अधिक रकम लौटाकर विश्वास जीता। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों से आरोपितों के बताए खातों में उपरोक्त रकम जमा करा लिए। साइबर क्राइम थाना में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा लिखा है।
उतरौला के गांधीनगर निवासी विकास कुमार ने बताया कि बीते नौ जून को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का दावा किया।
शुरुआत में उसने दो हजार रुपये निवेश करने को कहा। निवेश के कुछ ही समय बाद उनके खाते में 2300 रुपये वापस आ गए। इससे उन्हें 300 रुपये का लाभ हुआ।
विश्वास जीतने के बाद आरोपितों ने विभिन्न मोबाइल नंबरों से लगातार संपर्क कर अधिक निवेश करने पर कई गुणा लाभ मिलने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर विकास कुमार ने अपने स्टेट बैंक आफ इंडिया के खाते से 75 हजार रुपये तथा आइडीएफसी फर्स्ट बैंक खाते से छह लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
वहीं, उनके मित्र मनोज कुमार के यूनियन बैंक खाते से एक लाख 19 हजार रुपये और एक अन्य स्टेट बैंक खाते से 50 हजार रुपये आरोपितों के बताए खातों में भेजा। इस तरह नौ जून से 17 जुलाई के बीच कुल आठ लाख 44 हजार रुपये साइबर ठगों के खातों में भेजा।
इसके बाद भी लगातार फोन कर और अधिक निवेश करने का दबाव बनाते रहे। संदेह होने पर उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबरों, बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।