बांदा: अस्पताल के वार्ड में घुसकर युवक ने महिला मरीज के साथ की छेड़खानी, शोर मचाने के बाद हुआ फरार
बांदा जिला अस्पताल के टीबी वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज के साथ युवक ने छेड़खानी की, जिसके बाद महिला के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। पीड़िता के परि ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बांदा अस्पताल के टीबी वार्ड में महिला मरीज से छेड़खानी।
शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, बांदा। सुरक्षा गार्डों की तैनाती व पुलिस चौकी खुलने के बावजूद जिला अस्पताल में अराजक तत्वों का प्रवेश बंद नहीं हो रहा है। टीबी वार्ड में घुसकर युवक ने भर्ती महिला मरीज के साथ छेड़खानी की। पीड़िता ने शोर मचाते हुए बाहर भागकर खुद को बचाया। इस बीच बगल के वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदार जब तक मौके पर पहुंचे आरोपित वहां से खिसक लिया।
महिला मरीज के तीमारदारों ने सीएमएस कार्यालय में शिकायत करते हुए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज दिखवाने व आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई कराने की मांग की है।
जिला अस्पताल के प्राइवेट टीबी वार्ड नंबर एक में घुसकर वहां भर्ती शहर के एक मुहल्ला निवासी 45 वर्षीय महिला मरीज के साथ युवक ने शनिवार शाम छेड़खानी की। युवक की हरकतों से परेशान महिला मरीज ने शोर मचाया। साथ ही वार्ड से बाहर भाग कर निकली। इससे बगल के वार्डों में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को मामले का पता चला।
लेकिन उनके मौके पर पहुंचने के पहले आरोपित वहां से फरार होने में कामयाब रहा । अन्य मरीजों के तीमारदारों ने पीड़ित महिला मरीज के स्वजन को फोन से घटना की जानकारी दी। इससे महिला मरीज के ससुर ने सीएम कार्यालय व सुरक्षा गार्ड से मामले की शिकायत की । ससुर ने बताया कि उनकी अस्पताल में भर्ती बहू के पति की बीमारी से 2018 में मौत हो चुकी है।
उसके एक बेटा व दो बेटी है। साल भर से बीमार रहने की वजह से बहू काफी कमजोर हो गई है। इसके बाद भी युवक को उस पर तरस नहीं आया है। घटना के समय उनका नाती घर खाना खाने चला गया था। इसी का फायदा उठाकर युवक ने यह गलत हरकत की है। बताते चलें की पखवारा भर पहले इसी वार्ड से एक युवक ने तीन मोबाइल चोरी किए थे।
खबरें और भी
जिसको बाद में पकड़ा गया था। इतना ही नहीं छह वर्ष पहले एक मानसिक मंदित युवती को आरपीएफ ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां अस्पताल के कर्मचारी ने युवती को शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया था। आरोपित कर्मचारी को जेल भेजा गया था। सीएमएस डा. किशुन कुमार ने बताया कि मामला उनकी संज्ञान में नहीं आया है।
मामले की जांच कराई जाएगी। शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला के छेड़खानी करने की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- बांदा में घरेलू विवाद के बाद बहू ने खाया जहरीला पदार्थ, मौत