32 करोड़ से बनेगा कन्वेंशन सेंटर, बांदा को मिलेगा बड़े आयोजनों के लिए अपना आधुनिक भवन
बांदा में 32 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक कन्वेंशन सेंटर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को मंजूरी के लिए भेजी गई है। यह केंद्र 5 ...और पढ़ें
-1784185255260_m.webp)
बांदा को मिलेगा बड़े आयोजनों के लिए अपना आधुनिक भवन।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बांदा। मंडलीय मुख्यालय बांदा को जल्द ही बड़े कार्यक्रमों के लिए अपनी आधुनिक सुविधा मिलने जा रही है।
शहर में करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर बनाने की योजना को आगे बढ़ाते हुए इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-प्रथम) की ओर से तैयार डीपीआर के अनुसार कन्वेंशन सेंटर का निर्माण शहर की डीएम कालोनी में जीआईसी कॉलेज के बगल और राजकीय पुस्तकालय के पीछे स्थित करीब 4400 वर्गमीटर जमीन पर किया जाएगा।
जमीन से संबंधित जरूरी अनुमति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बांदा विकास प्राधिकरण ने प्रस्ताव नगर विकास विभाग को भेज दिया है।
एक साथ 500 लोग बैठ सकेंगे
प्रस्तावित भवन दो मंजिला होगा। इसमें करीब 3200 वर्गमीटर क्षेत्र में भूतल और 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में पहली मंजिल बनाई जाएगी। पूरा भवन वातानुकूलित (एसी) होगा।
इसमें फायर फाइटिंग सिस्टम, अग्नि सुरक्षा अलार्म, सीसीटीवी कैमरे, दो लिफ्ट, आधुनिक साउंड सिस्टम, बेहतर लाइटिंग और नया फर्नीचर लगाया जाएगा। सभागार को इस तरह बनाया जाएगा कि आवाज की गूंज कम रहे और मंच से होने वाले भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य प्रस्तुतियां आसानी से हो सकें। इसमें करीब 500 लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था होगी।
अब बड़े कार्यक्रमों के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूसरे संस्थानों में
कन्वेंशन सेंटर किसी भी आधुनिक शहर की जरूरी सुविधा माना जाता है। यहां सरकारी बैठकें, बड़े सम्मेलन, स्कूल-कालेजों के कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर, बैठकें, व्यापार मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अभी बांदा में इस स्तर का कोई सभागार नहीं है।
बड़े कार्यक्रमों के लिए मेडिकल कालेज के ऑडिटोरियम या दूसरे संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। कन्वेंशन सेंटर बनने के बाद मंडल की बड़ी बैठकें, सरकारी कार्यक्रम, स्कूल-कालेजों के कार्यक्रम और विभिन्न विभागों के प्रशिक्षण यहीं बांदा में हो सकेंगे। इससे सरकारी कामकाज आसान होगा और बड़े कार्यक्रमों के लिए दूसरे शहरों या संस्थानों पर निर्भरता कम होगी।
खबरें और भी
होटल, रेस्टोरेंट और व्यापार को मिलेगा फायदा
इस परियोजना से शहर के कारोबार को भी फायदा मिलेगा। बड़े कार्यक्रमों में बाहर से आने वाले लोगों के कारण होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, दुकानों और दूसरे कारोबार को लाभ होगा।
इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही बांदा की पहचान ऐसे शहर के रूप में बनेगी, जहां बड़े सरकारी, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आसानी से कराए जा सकेंगे।
बुंदेलखंड में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के बीच प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर को बांदा के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण शुरू होने पर यह शहर को एक नई पहचान देगा।
बांदा में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग की डीपीआर प्राप्त हो गई है। प्राधिकरण स्तर पर परीक्षण के बाद प्रस्ताव नगर विकास विभाग को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। अभी स्वीकृति नहीं मिली है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह परियोजना मंडलीय मुख्यालय बांदा के लिए काफी महत्वपूर्ण होगी और बड़े कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी
मदन मोहन, सचिव, बांदा विकास प्राधिकरण
कन्वेंशन सेंटर की डीपीआर करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें करीब 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था, एसी, फायर फाइटिंग सिस्टम, सीसीटीवी, लिफ्ट तथा आधुनिक साउंड और लाइटिंग की सुविधा होगी। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की कार्रवाई की जाएगी।राजेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-प्रथम
बांदा में कन्वेंशन सेंटर की लंबे समय से जरूरत थी। इसके बनने से बड़े कार्यक्रम एक ही जगह आसानी से हो सकेंगे। हमने नगर पालिका से कहकर इसे अवस्थापना कार्यों में शामिल कराया है और जल्द मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे शहर का विकास होगा, लोगों को सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार व रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। यह बुंदेलखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।प्रकाश द्विवेदी, सदर विधायक, बांदा