शादी की खुशियां मातम में बदलीं... डंपर की टक्कर से पंचायत सहायक की मौत, 25 फरवरी को होनी थी शादी
पंचायत सहायक सौरभ पटेल की मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मौत हो गई। वह दोस्त से मिलने जा रहे थे। हादसा बदौसा-फतेहगंज मार्ग पर भरतकूप थाना क्षे ...और पढ़ें
-1769585984673_m.webp)
दिवंगत सौरभ की फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जागरण अतर्रा। दोस्त से मिलने जा रहे पंचायत सहायक की मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दिवंगत युवक की फरवरी में शादी होनी थी। उसके घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बघेलाबरी निवासी 29 वर्षीय सौरभ पटेल मंगलवार दोपहर 12 बजे बाइक से चित्रकूट जनपद के ग्राम ब्यूर अपने दोस्त से मिलने अकेले बाइक से जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक बदौसा-फतेहगंज मार्ग पर भरतकूप थाना क्षेत्र के ब्यूर मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में गंभीर रूप से घायल सौरभ को सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिवंगत सौरभ दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई रामबाबू ने बताया कि पिता संतोष पटेल का बीमारी के चलते एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका था।
इसके बाद सौरभ अपने हिस्से में मिली दो बीघा भूमि पर खेती करने के साथ-साथ पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत था। मंगलवार को वह घर से तैयार होकर दोस्त से मिलने के लिए निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था, कि वह फिर कभी लौटकर नहीं आएगा।
खबरें और भी
सौरभ पटेल की आगामी 25 फरवरी को शादी भी तय थी। घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस मां को एक माह बाद बेटे की शादी की रश्में निभानी थीं, वही अब बेसुध होकर विलाप कर रही है।
फतेहगंज थाना प्रभारी रामकिशोर सिंह ने बताया कि दुर्घटनास्थल चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र में आता है। सूचना पर भरतकूप पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले कर कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें- बंद फाटक के नीचे से निकलना महिला को पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आने से मौत; कई मीटर दूर तक बिखरे शव के टुकड़े