बाराबंकी के हाईवे पुलों की सुरक्षा पर NHAI की मुहर, संजय सेतु भी दुरुस्त
एनएचएआइ की रिपोर्ट के अनुसार बाराबंकी में राष्ट्रीय राजमार्गों और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बने सभी पुल सुरक्षित पाए गए हैं। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। हादसों की रोकथाम के लिए पुलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। राष्ट्रीय राजमार्गों और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बने पुलों की विज्ञानी जांच में सभी संरचनाएं सुरक्षित मिली हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग भी अपने अधीन आने वाले पुलों का सुरक्षा परीक्षण कराने की तैयारी में है।
बाराबंकी से होकर छह राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं। इनमें लखनऊ-सुलतानपुर, अयोध्या-लखनऊ, बाराबंकी-बहराइच, लखनऊ-महमूदाबाद, किसान पथ सहित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे शामिल हैं। इन राष्ट्रीय राजमार्गों की निगरानी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) करता है, जबकि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की जिम्मेदारी यूपीडा के पास है।
लखनऊ-सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने करीब 26 पुलों का निरीक्षण किया गया है और सभी सुरक्षित पाए गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के ओवरब्रिज और पुल अपेक्षाकृत नए होने के कारण उनकी स्थिति भी पूरी तरह संतोषजनक है।
अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने सभी पुलों की विज्ञानी जांच भी पूरी हो चुकी है। प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर अमर चौधरी ने बताया कि किसी भी पुल में संरचनात्मक खराबी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि एनएचएआइ की ओर से प्रत्येक छह माह पर पुलों का तकनीकी परीक्षण कराया जाता है और उसकी रिपोर्ट दिल्ली मुख्यालय भेजी जाती है।
संजय सेतु पुराना, लेकिन मजबूती बरकरार
बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरयू नदी स्थित संजय सेतु में पूर्व में कुछ तकनीकी खामियां मिली थीं, जिसके बाद करीब एक माह तक मरम्मत कार्य कराया गया। अब पुल पूरी तरह सुरक्षित है और इस पर आवागमन सामान्य रूप से जारी है।
खबरें और भी
पुल की मजबूती का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों को रिपोर्ट भेजी गई है। इसी मार्ग पर कल्याणी नदी का पुल नया है, जबकि शारदा सहायक डबल नहर पर बना पुल वर्ष 2015 में तैयार हुआ था।
छह माह पहले हुए सत्यापन में दोनों पुल सुरक्षित और मजबूत पाए गए। एनएचएआइ के मुख्य अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि संजय सेतु की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई गई है और वर्तमान में किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में गो तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार
पीडब्ल्यूडी के 200 से अधिक पुलों की भी होगी जांच
लोक निर्माण विभाग के अधीन जिले में दो हजार किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क है। इन मार्गों पर कल्याणी, शारदा सहायक, शंखनी, जमुरिया, सुमली सहित विभिन्न नहरों, माइनरों और खारजा पर बने छोटे-बड़े 200 से अधिक पुल हैं। विभाग इन सभी पुलों की चरणबद्ध तकनीकी परीक्षण कराने की तैयारी कर रहा है।
सेतु निगम के अधीन पुलों का परीक्षण कराया गया है। अब रिपोर्ट विशेषज्ञों को भेजी जाएगी। एनएचएआइ के इंजीनियरों के मुताबिक कहीं भी ओवरब्रिज में तकनीकी खामी नहीं मिली है।
नकुल कुमार वर्मा, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ।