20 अगस्त तक होगा घर-घर सर्वे, महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाएगी योगी सरकार
बाराबंकी में 20 अगस्त तक सर्वे कर पात्र महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा। उन्हें बैंक खाते, चक्रीय निधि और ऋण का लाभ देकर आत्मनिर्भर बनाय ...और पढ़ें

तस्वीर- फाइल।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। गांव की ऐसी महिलाओं को अब स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा, जो अभी तक समूह की गतिविधियों से दूर हैं।
इसके लिए 20 अगस्त तक घर-घर सर्वे कर पात्र महिलाओं को चिह्नित किया जाएगा। नए समूह गठित करने के साथ उन्हें बैंक खाते, 30 हजार रुपये की चक्रीय निधि और 1.50 लाख रुपये का लाभ दिलाया जाएगा।
फतेहपुर विकास खंड में परिवार संतृप्तिकरण अभियान को लेकर उपायुक्त स्वतः रोजगार सुनील कुमार कौशल ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए ब्लाक स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने और ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सर्वे के दौरान समूह से वंचित पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें नए या पहले से संचालित स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए। गठित समूहों के बैंक खाते तत्काल खुलवाकर उन्हें चक्रीय निधि और सीसीएल का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
अभियान की जानकारी अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए गांवों में दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक और चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत होने वाली प्रत्येक गतिविधि की जियो टैगिंग वाली तस्वीर और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट कार्यालय को भेजने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य केवल समूहों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। फतेहपुर विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित कर पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।