बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था: आला हजरत उर्स में लाखों जायरीनों ने एक साथ अदा की जुमे की नमाज
आला हजरत उर्स के दूसरे दिन बरेली में देश-विदेश से आए लाखों जायरीनों ने जुमे की नमाज अदा की। बारिश और कीचड़ के बावजूद आस्था का सैलाब उमड़ा, कांग्रेस ने ...और पढ़ें

उर्स में नमाज अदा करते जायरीन
HighLights
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से भेजी गई चादर चढ़ाई गई
जागरण संवाददाता, बरेली। आला हजरत के सालाना उर्स के दूसरे दिन अकीदतमंदों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश और विदेश के कोने-कोने से पहुंचे लाखों जायरीनों के कारण शहर में चारों तरफ अकीदत का माहौल नजर आया। उर्स का दूसरा दिन होने और साथ में जुमे का मुबारक दिन होने के चलते जायरीनों की संख्या में भारी इजाफा दर्ज किया गया। दोपहर के समय उर्स के मुख्य स्टेज के सामने मैदान में देश-विदेश से आए लाखों लोगों ने एक साथ जुमे की नमाज अदा की।
मौसम के मिजाज और हल्की बारिश के कारण मैदान की जमीन और बिछे हुए कारपेट कीचड़ से सन चुके थे, लेकिन जायरीनों के जज्बे और अकीदत के आगे यह रुकावटें कम पड़ गईं। अकीदतमंदों ने कीचड़ की परवाह न करते हुए गीली जमीन पर प्लास्टिक की चादरें बिछाईं और उस पर पूरी मुस्तैदी के साथ नमाज अदा की।
मैदान में अलग-अलग हिस्सों में बैठे लोग एक साथ इबादत करते रहे। इस दौरान मैदान में जायरीनों के आने-जाने और चरणबद्ध तरीके से नमाज पढ़ने का सिलसिला काफी देर तक अनवरत चलता रहा।
नमाज के बाद आला हजरत दरगाह और ताजुश्शरिया दरगाह पर मन्नतें मांगने और दुआएं करने का दौर जारी रहा। लोगों ने दरगाहों पर जाकर बड़े पैमाने पर गुलपोशी की और चादरें पेश कीं। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय तथा राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की ओर से भेजी गई चादर भी कांग्रेस कमेटी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अकीदत के साथ दरगाह पर चढ़ाई।
इबादत और चादरपोशी के बाद जायरीनों ने शहर में लगे विभिन्न लंगर खानों में पहुंचकर दोपहर का लंगर चखा। उर्स के इस मुबारक मौके पर पूरा शहर मेले के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इस्लामिया मैदान, बिहारीपुर पुलिस चौकी से लेकर नावेल्टी चौराहा और दूसरी ओर जिला पंचायत से कुतुबखाना तक विशाल मेले जैसा माहौल बना हुआ है।
खबरें और भी
बाजारों में जायरीनों ने जमकर खरीदारी की, जहां मिठाइयां, जरूरी सामान, धार्मिक किताबें, सुरमा, कपड़े और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर भारी भीड़ लगी रही। उर्स के तहत देर रात विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और कौमी मुद्दों पर उलेमाओं की तकरीरों का भी भव्य आयोजन किया जाएगा।