बरेली कैंट बोर्ड का बड़ा फैसला: कारगिल चौक का कायाकल्प, शहर को मिलेगा नया ऑडिटोरियम और मल्टीलेवल पार्किंग
छावनी परिषद बोर्ड ने कारगिल चौक के कायाकल्प, स्काडा आधारित जलापूर्ति और मल्टी-लेवल पार्किंग सहित कई विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी। बोर्ड ने कर्मचारियो ...और पढ़ें

कारगिल चौराहा, बरेली
HighLights
छावनी परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक में पर्यावरण संरक्षण संग नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी
जागरण संवाददाता, बरेली। छावनी क्षेत्र स्थित कारगिल चौक का कायाकल्प कर नया रूप दिया जाएगा। कैंट के लोगों को हर समय पानी मिल सके इसके लिए स्काडा आधारित जलापूर्ति की जाएगी। बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधा, बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने, पर्यावरण संरक्षण एवं दीर्घकालिक शहरी विकास से संबंधित कई अन्य प्रस्तावों पर गुरुवार को छावनी परिषद बोर्ड ने मुहर लगा दी।
ब्रिगेडियर एपीएस भदौरिया की अध्यक्षता में हुई छावनी बोर्ड की सामान्य बैठक में सेवारत कर्मचारियों के लिए 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और पेंशनरों के लिए 60 प्रतिशत महंगाई राहत की जनवरी-2026 से स्वीकृत की गई। इस निर्णय से छावनी बोर्ड के कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों को समयबद्ध रूप से वित्तीय लाभ मिलने और उनके कल्याण के प्रति बोर्ड की प्रतिबद्धता को मजबूत होना बताया गया।

लेखा नगर में इंटरलाकिंग टाइल सड़क, वृंदावन गेस्ट हाउस में मरम्मत, सदर बाजार के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्गों के सुधार और प्री-कास्ट ड्रेन कवर स्लैब लगाने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए। बोर्ड की सीईओ डाॅ. तनु जैन और नामित सदस्य डाॅ. वैभव जायसवाल की उपस्थिति में बोर्ड अध्यक्ष ने छावनी क्षेत्र के सुंदरीकरण एवं रात्रिकालीन सुरक्षा को देखते हुए डेकोरेटिव इलेक्ट्रिक पोल की खरीद को भी मंजूरी दी।
बोर्ड ने प्रशासनिक एवं नागरिक सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए फाइल कांपैक्टर, आनलाइन यूपीएस सिस्टम और सीसीटीवी सर्विलांस स्टोरेज डिवाइस की खरीद को मंजूरी दी। साथ ही पुराने एवं अनुपयोगी हो चुके स्वच्छता वाहनों के प्रतिस्थापन और वृक्षों की वैज्ञानिक एवं सुरक्षित छंटाई के लिए ट्री प्रूनिंग मशीन की खरीद को भी स्वीकृति दी गई।
खबरें और भी
बोर्ड ने छावनी क्षेत्र में स्काडा आधारित आधुनिक जलापूर्ति प्रणाली का आधुनिकीकरण, मल्टी-लेवल पार्किंग, आरएन टैगोर इंटर कालेज में नए अकादमिक ब्लाक का निर्माण और आधुनिक आडिटोरियम के विकास को मैसर्स ब्रिज एंड रुफ कंपनी लि. को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने एवं प्राेजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी के लिए परामर्श एजेंसी के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी गई।
बोर्ड ने जेम पोर्टल के जरिए से कुशल एवं अकुशल आउटसोर्स मानव बल की सेवाएं एक वर्ष की अवधि के लिए लेने को मंजूरी दी। यह मानवबल छावनी के विद्यालयों, अस्पताल, स्वच्छता सेवाओं एवं कार्यालय प्रतिष्ठानों में आवश्यकतानुसार लगाए जाएंगे। पर्यावरणीय स्थिरता एवं कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गार्बेज टू गोल्ड सेंटर से प्राप्त पुनर्चक्रण योग्य कचरे की नीलामी को भी मंजूरी दी गई।
साथ ही छावनी को स्वच्छता के उच्च मानकों की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ओडीएफ प्लस-प्लस सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन करने को भी अधिकृत किया गया। यह कदम छावनी क्षेत्र में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और सार्वजनिक स्वास्थ्य के मानकों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। बोर्ड ने कारगिल चौक पुनर्विकास एवं विस्तार के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्रदान कर दी।
बैठक में मिनी हाई-मास्ट लाइट्स की स्थापना, गार्डन बेंच, श्री धोपेश्वर नाथ मंदिर स्थित तालाब के पुनर्जीवन और बैटरी संचालित मिनी रोड स्वीपर्स की खरीद समेत कुछ अन्य प्रस्तावों पर भी मंथन किया गया। प्रस्तावों को विस्तृत स्थान-विशिष्ट योजना, तकनीकी परीक्षण एवं आवश्यकता के आकलन के बाद आगामी बोर्ड बैठक में फिर से विचार के लिए स्थगित किया गया।