बरेली कॉलेज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 1 महीने में ही हटाए गए सेल्फ फाइनेंस निदेशक, शिक्षकों के काम के घंटे भी घटे
बरेली कॉलेज में बड़े प्रशासनिक बदलाव हुए हैं, जिसमें सेल्फ फाइनेंस निदेशक डॉ. अतुल यादव को एक महीने में ही हटा दिया गया और भूगोल विभाग प्रभारी भी बदले ...और पढ़ें

बरेली कालेज
HighLights
महाविद्यालय में लगातार पदों हो रहे बदलाव ने शिक्षकों की बढ़ाई चिंता
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली कालेज में गुरुवार को प्रबंध समिति सचिव देवमूर्ति की ओर से दो पदों पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। इसमें 27 मई को सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रम के निदेशक बनाए गए डा. अतुल यादव को गुरुवार को करीब एक माह बाद ही पद से हटा दिया गया। वहीं, भूगोल विभाग में डा. अक्षय शुक्ला के स्थान पर डा. नाजिया खान को विभाग प्रभारी पद का दायित्व सौंपा गया है। अचानक किए जा रहे इन बदलावों ने शिक्षकों के बीच अनिश्चितता का माहौल बना दिया है।
प्रबंध समिति सचिव की ओर से लगातार पदों की जिम्मेदारी बदली जा रही है। बीते दिनों प्रो. स्वदेश के स्थान पर डा. आरिफ को गणित विभाग प्रभारी और भौतिकी विभाग में प्रो. वीपी सिंह की जगह प्रो. ऋतु अग्रवाल को प्रभारी बनाया गया था, जिसको लेकर विवाद जारी है। इसके बाद प्रवेश नियंत्रक के अतिरिक्त मुख्य प्रवेश नियंत्रक नियुक्त किया गया।
अब भूगोल और सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रम के शीर्ष पदाधिकारियों को बदला गया। ऐसे में शिक्षकों के बीच तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं। माना जा रहा है कि प्रबंध समिति सचिव के पास संबंधित प्रभारियों से जुड़ी गंभीर शिकायतें पहुंचीं, जिसके बाद यह बदलाव किया गया।
कार्य अवधि घटी, शिक्षक अब पांच घंटे देंगे सेवाएं
कालेज में शिक्षक अब छह घंटे के बजाय पांच घंटे सेवाएं देंगे। बीते दिनों सेमिनार हाल में शिक्षकों की ओर से विशेष बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें अधिकतर शिक्षकों ने कार्य अवधि कम करने का मुद्दा उठाया।
खबरें और भी
ऐसे में गुरुवार को कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने कार्य अवधि पांच घंटे कर दी है। शिक्षकों ने तर्क दिया था कि वर्तमान में बायोमीट्रिक उपस्थिति का समय छह घंटे का अंतराल होने के कारण काफी लंबा हो जाता है। इस समय सीमा को कम किया जाए, जिससे उन्हें कार्य के दौरान कुछ राहत मिल सके।
विधि में प्रवेश के लिए खुला पोर्टल
मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि स्नातक और परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। शुक्रवार से विधि में प्रवेश के लिए कालेज का पोर्टल खुल जाएगा। इसके माध्यम से छात्र प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।