3 साल में ही धंस गई बरेली की 60 करोड़ वाली सड़क; 10 फीट गहरे गड्ढे में समाने से बाल-बाल बचे वाहन, इस विभाग पर गिरेगी गाज
तीन साल पहले 60 करोड़ रुपये से बनी बरेली की स्मार्ट सिटी सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। बिजली विभाग द्वारा भूमिगत केबल बिछ ...और पढ़ें

बरेली काॅलेज के पश्चिमी गेट के सामने तीन साल पहले बनी सड़क धंसी बनी सुरंग। जागरण
HighLights
बिजली विभाग ने दो दिन पहले डाली थी भूमिगत केबल, अब भरेगा हर्जाना
जागरण संवाददाता, बरेली। तीन साल पहले स्मार्ट सिटी परियोजना में 60 करोड़ रुपये से बनी सड़क का एक हिस्सा सोमवार को धंस गया। बरेली कालेज पश्चिमी गेट के पास व्यस्त यातायात के बीच अचानक 10 फीट से अधिक गहरा गड्ढा हुआ तो कई वाहन सवार बाल-बाल बचे। सोबती इन्फ्रा की ओर से बनाई गई इस सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने पर गड्ढा होने के कारण तलाशे गए।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले भूमिगत केबल डालते समय बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पानी की लाइन व सीवर मैनहोल क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे मिट्टी का कटान हुआ और सड़क धंस गई। अब मरम्मत का खर्च बिजली विभाग से वसूला जाएगा। साथ ही प्रकरण के तह तक जाने के लिए अपर नगर आयुक्त को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम कार्यालय से 50 मीटर की दूर बरेली कालेज के पश्चिमी गेट से चौकी चौराहे तक सोबती इन्फ्रा ने सड़क निर्माण कराया था। कालेज गेट पर ही तीन माह पहले नगर निगम जलकल विभाग की ओर से सीवर व पानी की लाइन भी डाली गई थी। सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे अचानक सड़क धंस गई।

इसकी सूचना पर महापौर डाॅ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्हें सुरक्षा के दृष्टिगत वाहनों का आवागमन बंद कराया। नगर आयुक्त ने बताया कि जलकल और निर्माण विभाग के अभियंताओं को तत्काल सीवर व पानी की लाइन दुरुस्त करने को कहा है। इसके साथ ही सड़क की मरम्मत भी होगी।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिजली विभाग की ओर से भूमिगत केबल डालने का कार्य किया जा रहा है। दो दिन पहले बरेली कालेज के पश्चिमी गेट की ओर से भूमिगत केबल डाली गई। इसके लिए निर्माण विभाग से एनओसी ली गई थी। कार्य के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लापरवाही की।
इस कारण सड़क के नीचे से गुजरी पानी की लाइन और सीवर मैनहोल क्षतिग्रस्त हो गया। सीवर व पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने से नीचे की मिट्टी लुढ़क गई और सड़क धंस गई। सोबती इन्फ्रा के पास देखरेख व मरम्मत का जिम्मा बरेली कालेज गेट पर धंसी सड़क वर्ष-2023 में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सोबती इन्फ्रा ने बनाई थी।

एजेंसी के पास सड़क निर्माण के बाद एक वर्ष का डिफेक्ट लाइबिलिटी और तीन वर्ष का आपरेशन और मेंटीनेंस की जिम्मेदारी है। डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड में मार्ग के क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य खामी आने पर एजेंसी द्वारा दुरुस्त किया जाएगा।
वहीं, तीन वर्ष तक आपरेशन एवं मेंटीनेंस पीरियड में खामी आने पर गड़बड़ी होने पर भी एजेंसी की ओर से कार्य कराने का प्रविधान है, मगर, इसके लिए संस्था को कुछ प्रतिशत भुगतान भी किया जाता है।
सोबती की ओर से स्मार्ट सिटी परियोजना से 60 करोड़ से एबीडी एरिया (एरिया बेस्ड डवलपमेंट) बरेली कालेज गेट से चौकी चौराहा, चौकी चौराहा से हेड पोस्ट आफिस, जंक्शन से माल गोदाम रोड, कमिश्नरी आवास रोड व इसाइयों की पुलिया मार्ग का निर्माण कराया गया है।
सीवर और पानी की लाइन डालने में भी लापरवाही की आशंका जिस स्थान पर सड़क धंसी है वहां पर नगर निगम जलकल विभाग की ओर से तीन माह पहले ही दो चरणों में सीवर मैनहाेल का कार्य कराया गया। माना जा रहा है कि मैनहोल निर्माण के बाद सड़क से भारी वाहनों के दबाव के बाद धीरे-धीरे बैठ गई। इससे परियोजना के निर्माण के दौरान जलकल विभाग के कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे।
मिशन अस्पताल गेट के पास भी सड़क धंसी, कराया दुरुस्त बरेली कालेज गेट के बाद कुछ ही देर बाद मिशन अस्पताल गेट के पास सड़क धंसने की सूचना मिली। पांच इंच से अधिक चौड़ाई में सड़क धंसने की सूचना के बाद निगम की निर्माण विभाग मौके पर पहुंची और उसे दुरुस्त कराया।
नगर आयुक्त ने बताया कि, मिशन के पास सड़क धंसने के बाद दुरुस्त करा दिया गया। भूमिगत केबल वाले स्थानों पर धंस रही सड़क शहर के अधिकतर हिस्सों में बिजली विभाग की भूमिगत लाइन डालने के बाद सड़क को उसी हाल पर छोड़ दिया जा रहा है। इससे वर्षा के दौरान और सीवर व पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने के चलते पानी भरने से मिट्टी का कटान हो रहा।
इससे अधिकतर सड़कों के धंसने के साथ दरार आने की शिकायत मिल रही। इसमें, बरेली क्लब रोड, साल्वेशन आर्मी रोड, मिशन अस्पताल-पीएम हाउस रोड, इसाइयों की पुलिया वाली रोड समेत अन्य मार्ग शामिल हैं।
भूमिगत केबल डालने के दौरान पानी की लाइन और सीवर मैनहोल चैंबर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे आसपास की मिट्टी बह गई और सड़क धंस गई। पानी की लाइन मरम्मत कर दी गई है।
- संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
बिजली विभाग द्वारा मनमानी कार्य के चलते पानी की लाइन और सीवर मैनहोल क्षतिग्रस्त हो गया। प्रकरण में जिम्मेदारों की जवाहदेही तय करने के साथ आवश्यक कार्रवाई को कहा गया है। भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं हो इसके लिए भी ठोस पहल करने के निर्देश दिए हैं।
डाॅ. उमेश गौतम, महापौर
यह भी पढ़ें- सावन का नया ट्रैफिक प्लान लागू: बरेली से दिल्ली-लखनऊ जाने वाले ध्यान दें, शुक्रवार से सोमवार तक बदलेगा ट्रैफिक