Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली कॉलेज में बड़ा बवाल! मुख्य मार्ग ब्लॉक कर धरने पर बैठे सछास कार्यकर्ता, भूख हड़ताल की दी चेतावनी

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 04:19 PM (IST)

    बरेली कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने अव्यवस्थाओं के विरोध में मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर धरना प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने बाहरी तत्वों ...और पढ़ें

    प्रदर्शन करते समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता

    प्रदर्शन करते समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता

    जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली काॅलेज में अव्यवस्थाओं के विरोध में सोमवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। छात्र नेताओं ने काॅलेज के परीक्षा हाल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को ब्लाॅक कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने काॅलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

    काॅलेज प्रशासन मुर्दाबाद', 'छात्र एकता जिंदाबाद' और 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप था कि काॅलेज में बाहरी तत्वों का अनावश्यक दखल बढ़ गया है, जिससे शैक्षिक माहौल दूषित हो रहा है। छात्र सभा ने अपनी मांगों को लेकर पूर्व में काॅलेज प्राचार्य को सौंपे ज्ञापन का हवाला दिया।

    कहा कि काॅलेज के खेल मैदान का उपयोग किसी भी राजनीतिक या सरकारी कार्यक्रम के लिए न किया जाए। क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को छात्रावास परिसर से हटाकर, सम्मानपूर्वक मुख्य स्थान पर स्थापित किया जाए। खेल सुविधाओं की दयनीय स्थिति को सुधारा जाए और छात्रों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए।

    भूख हड़ताल की चेतावनी

    प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि काॅलेज प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। छात्रों का कहना है कि वे अपनी इन मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

    खबरें और भी

    धरने के कारण काॅलेज के कई छात्र परेशान हुए, हालांकि छात्र नेताओं का कहना था कि अपनी बात मनवाने के लिए यह विरोध जरूरी था। इस दौरान महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, प्रदेश सचिव संजय मेवाती, शिव प्रताप सिंह, दीपक यादव, अमर यादव, किशन आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- बरेली में जमीन-मकान खरीदना होगा 15% तक महंगा, 10 अगस्त के बाद लागू होंगे नए सर्किल रेट