दिसंबर तक बदल जाएगी बरेली कॉलेज की सूरत: नैक मूल्यांकन के लिए बना 'मास्टर प्लान', जानें क्या है खास?
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के निर्देश पर बरेली कॉलेज ने दिसंबर तक नैक मूल्यांकन कराने का लक्ष्य रखा है। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने समिति समन्वयक को तैयारी ...और पढ़ें

बरेली कालेज
HighLights
- प्राचार्य ने नैक मूल्यांकन समिति की समन्वयक को तैयारी करने के दिए निर्देश
जागरण संवाददाता, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के निर्देश के बाद बरेली कालेज ने नैक मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने नैक मूल्यांकन समिति की समन्वयक को आगामी दिसंबर तक मूल्यांकन हर हाल में कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सबसे पहले निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने की तैयारी है, क्योंकि अधूरे निर्माण कार्यों की वजह से मूल्यांकन पर असर पड़ेगा और ग्रेडिंग प्रभावित होगी। 20 जनवरी के बाद जल्द ही नैक मूल्यांकन समिति की बैठक होगी, जिसमें आगे की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
शासन ने छह नवंबर 2025 को सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए थे कि सभी संबद्ध महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन और मान्यता प्राप्त करना अनिवार्य है। इस संबंध में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव हरीश चंद ने 18 दिसंबर को सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए थे, लेकिन बड़ी संख्या में महाविद्यालयों की ओर से विश्वविद्यालय को सूचना नहीं दी गई।
इस पर कुलसचिव ने 13 जनवरी को महाविद्यालयों को एक बार फिर निर्देश दिए। इसके तहत महाविद्यालयों को नैक पोर्टल पर पंजीकरण और आवेदन, आइक्यूएसी का गठन एवं सक्रियता, सेल्फ स्टडी रिपोर्ट और आवश्यक प्रपत्रों का विवरण 31 जनवरी तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कुलसचिव के निर्देश के बाद बरेली कालेज ने नैक मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है।
प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बुधवार को नैक मूल्यांकन समिति की समन्वयक प्रो. वंदना शर्मा को निर्देश दिए कि नैक मूल्यांकन दिसंबर तक हर हाल में कराएं। यदि हो सके तो इसे अक्टूबर या नवंबर तक ही करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि शैक्षिक और रिसर्च में तो कालेज की तैयारी ठीक है। कालेज में 70 प्रोफेसर के साथ करीब 250 शिक्षक हैं। इसके अलावा छात्रों और शिक्षकों का डेटा समर्थ पोर्टल पर डिजिटल माध्यम में उपलब्ध है।
खबरें और भी
शिक्षकों की प्रोन्नति की प्रक्रिया भी डिजिटल हो रही है। शोध में दो राष्ट्रीय संगोष्ठी के प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं। इससे मूल्यांकन में अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। वहीं निर्माण कार्यों में पुराने भवनों की छतों की मरम्मत का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। सभागार का जीर्णोद्धार किया जा रहा है और गणित विभाग में भी निर्माण कार्य चल रहा है, उन्हें जल्द पूरा करा लिया जाए।
इसके अलावा गृह विज्ञान, मनोविज्ञान और खेल के नए विभाग के भवन बनाए जाएंगे। इसके अलावा विधि विभाग के भवन को नए परीक्षा भवन के पीछे भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा प्रवेश सेल का गठन किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नैक मूल्यांकन के लिए पंजीकरण कराया जाए।
कालेज के सभी भवन होंगे लाल रंग के
नैक मूल्यांकन के लिए बरेली कालेज में नए भवनों का निर्माण हो रहा है और कई पुराने भवनों की मरम्मत कराई जा रही है। इस दौरान कालेज की ऐतिहासिकता और पहचान का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कालेज की प्रमुख पहचान उसके भवन और भवनों का लाल रंग है।
यही वजह है कि प्राचार्य ने सभी भवनों के रंगरोगन की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सभी भवनों का रंग लाल रखा जाएगा। यदि किसी पुराने भवन की पुताई सफेद या अन्य रंग से है तो उसकी भी लाल रंग से पुताई की जाएगी।
नैक मूल्यांकन की तैयारियां चल रहीं हैं। अगले सप्ताह नैक मूल्यांकन समिति की बैठक बुलाई जाएगी ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया के साथ आगे के कार्य शुरू किए जा सकें।
- प्रो. वंदना शर्मा, समन्वयक नैक मूल्यांकन समिति
यह भी पढ़ें- बरेली में 'मिनी उत्तराखंड': जानिए कैसे 35 साल पहले एक छोटे से विचार ने बदली शहर की फिजा