Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली मंडल के इन रास्तों पर सफर होगा आसान: 5 नई नदियों पर बनेंगे पुल, ₹78 करोड़ का बजट मंजूर

    Updated: Fri, 20 Mar 2026 07:21 AM (GMT+05:30)

    बरेली मंडल में पांच नए पुलों के निर्माण के लिए 78.50 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिसमें से 27.50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हो चुका है ...और पढ़ें

    मीरगंज क्षेत्र में भाखड़ा नदी पर बने लकड़ी के पुल से गुजरते ग्रामीण। जागरण

    मीरगंज क्षेत्र में भाखड़ा नदी पर बने लकड़ी के पुल से गुजरते ग्रामीण। जागरण

    HighLights

    1. बरेली के तीन, शाहजहांपुर और बदायूं के एक-एक पुल के लिए मिला बजट

    2. कैलाश, भाखड़ा, पनधैली, खन्नौत व सोत नदियों पर कराया जाएगा निर्माण

    जागरण संवाददाता, बरेली। मंडल में विभिन्न नदियों पर पांच पुलों का निर्माण कराने के लिए शासन ने 78.50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृत कर कार्य आरंभ कराने के लिए 27.50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। इनमें बरेली जिले के तीन पुल, बदायूं और शाहजहांपुर जिले के एक-एक पुल शामिल हैं।

    बजट मिल जाने के बाद सेतु निगम के अधिकारियों ने टेंडर कराने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। बरेली जिले की फरीदपुर तहसील क्षेत्र में टिसुआ एवं हसनपुर गांवों के बीच कैलाश नदी पर पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण कराने के लिए 17.63 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी देकर 6.17 करोड़ रुपये आवंटित किया गया है।

    मीरगंज तहसील क्षेत्र सिधोली से नरखेड़ा मार्ग पर भाखड़ा नदी पर पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण और सुरक्षात्मक कार्य के लिए 14.81 करोड़ रुपये स्वीकृत कर 5.18 करोड़ रुपये जारी किया गया है। नवाबगंज तहसील क्षेत्र में नकटपुर और नहरपुर गौरीखेड़ा गांवों के बीच पनधैली नदी पर पुल, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 12.74 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत कर 4.45 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।

    शाहजहांपुर जिले में ग्राम हथौड़िया के पश्चिमी कोने से पीपल घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर खन्नौत नदी पर पुल, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 18.74 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति देकर निर्माण शुरू कराने के लिए 6.56 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

    खबरें और भी

    इसी तरह बदायूं जिले में ग्राम शहजादनगर से रजलामई संपर्क मार्ग पर सोत नदी पर पुल, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 14.38 करोड़ रुपये स्वीकृत कर कार्य आरंभ कराने के लिए 5.03 करोड़ रुपये आवंटित किया है। बजट का आवंटन हो जाने पर सेतु निगम के अधिकारियों ने टेंडर कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है। पुल बन जाने से दर्जनों गांवों के लोगों को सहूलियत हो जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बरेली एयरपोर्ट की राह होगी आसान: सेटेलाइट फ्लाइओवर और 8-लेन सर्विस रोड के लिए शासन ने खोला खजाना