Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली के लाल फाटक-बदायूं रोड को मिलेगी जलभराव से मुक्ति! ₹6.50 करोड़ से बनेगा नाला, PWD ने भेजा नया प्रस्ताव

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 11:18 PM (GMT+05:30)

    बरेली के लाल फाटक-बदायूं रोड पर जलभराव और सड़क टूटने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹6.50 करोड़ की लागत से नाला बनाने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ...और पढ़ें

    लाल फाटक से रामगंगा रोड पर टूटी सड़क से निकलता ट्रक। जागरण

    लाल फाटक से रामगंगा रोड पर टूटी सड़क से निकलता ट्रक। जागरण

    HighLights

    1. जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बार-बार गड्ढ़ों में तब्दील हो रही सड़क

    जागरण संवाददाता, बरेली। लाल फाटक रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर बन जाने के बाद बदायूं रोड पर वाहनों का आवागमन तो आसान हुआ है, लेकिन इस रोड पर नाला न होने के कारण बार-बार सड़क टूट रही है। बार-बार मरम्मत कराई जा रही है, लेकिन चंद दिनों में स्थिति यथावत हो जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने इस रोड पर नाला निर्माण के लिए 6.50 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया है।

    सीडीओ ने इसे बीडीए के प्रस्ताव में भी शामिल कराया है। नाला कब तक और कौन बनाएगा यह तो अभी तय नहीं है, सावन में इस साल भी कांवड़ियों को लाल फाटक बदायूं मार्ग पर दुश्वारियां झेलनी पड़ेंगी।

    लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2021 में लालफाटक फ्लाईओवर से रामगंगा पुल के निकट चौबारी तिराहे तक सड़क का चौड़ीकरण कराया था। करीब 4.3 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए गए। सड़क को 17.50 मीटर चौड़ा कराकर डेढ़ मीटर का डिवाइडर बनाया गया।

    सड़क तो चौड़ी हो गई, लेकिन इसमें नाला निर्माण का प्रावधान नहीं किया गया। आसपास की कालोनियों का पानी पहले कांधरपुर स्थित तालाब में निकल जाता था, लेकिन आसपास मकान बन जाने से तालाब का आकार छोटा होता गया और अब जल निकासी की कोई जगह ही नहीं बची है। जिसकी वजह से नालियों का पानी और बरसात का पानी सड़क पर भर जाता है।

    नतीजा सड़क में बार-बार गड्ढ़े हो जाते हैं। इस समय भी आधी सड़क कट चुकी है, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग ने नाला निर्माण के लिए 6.50 करोड़ का प्रस्ताव पिछली साल भेजा था, लेकिन मंजूरी नहीं मिल सकी। इस साल के प्रस्ताव में भी इसी शामिल कर लिया गया है।

    खबरें और भी

    मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से एस्टीमेट मंगाकर बरेली विकास प्राधिकरण को भी भेजा है। हालांकि प्रस्ताव को कब तक मंजूरी मिलेगी जिम्मेदार बता पाने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन नाला बनने के बाद ही समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

     

    लाल फाटक से चौबारी तक नाला निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तो पिछली साल ही भेजे गए थे, इस बार के प्रस्ताव में भी शामिल किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने एस्टीमेट बीडीए को भी भिजवाया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद ही नाला निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।

    - भगत सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड


    यह भी पढ़ें- बरेली उपद्रव मामला: मौलाना तौकीर रजा समेत 15 पर कोर्ट में आरोप तय, जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई पेशी