Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली की बड़ी आवासीय योजना: ₹2800 करोड़ से सजेगा 'महादेवपुरम', 4000 लोग कतार में; जानें खूबियां

    Updated: Sun, 15 Mar 2026 03:30 PM (GMT+05:30)

    बरेली विकास प्राधिकरण पीलीभीत रोड पर 267 हेक्टेयर में एक बड़ी आवासीय योजना ला रहा है। इसके नामकरण के लिए आयोजित प्रतियोगिता में 500 से अधिक आवेदन आए, ...और पढ़ें

    बीडीए टाउनश‍िप महादेवपुरम

    बीडीए टाउनश‍िप महादेवपुरम

    HighLights

    1. बीडीए की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में 500 लोगों ने किए आवेदन, सात लोगों के दिए नाम चयनित

    2. प्रथम स्थान पर रहने वाले व्यक्ति को मिलेगा 50 हजार का इनाम, अन्य लोगों को भी मिलेगा इनाम

    नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। शिव व्यापत सर्वत्र समाना....भगवान शिव कण-कण में हैं। नाथ नगरी के चारों ओर सप्त नाथ मंदिरों की छत्रछाया के साथ भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कर उसे शिवनाम पर समर्पित किया जा चुका है। अब नाथनगरी बरेली एक बार फिर से भगवान शिव में खोने जा रही है।

    इसके लिए बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से रामगंगा नगर के रामायण वाटिका और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के रुद्रावनम पार्क में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही पीलीभीत रोड पर प्रस्तावित आवासीय योजना का भी नामकरण किया जाएगा।

    इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे का इंतजार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा ही बीडीए की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना की घोषणा की जाएगी। इसके लिए बीडीए की ओर से योजना के लिए मांगे गए आवेदन में सात अलग-अलग लोगों के सुझाए नाम को चयनित कर लिया गया है। जल्दी ही इनकी घोषणा कर दी जाएगी।

    बीडीए ने पीलीभीत बाइपास रोड पर 267 हेक्टेयर में प्रस्तावित आवासीय योजना का सबसे सुंदर नाम सुझाने वाले को सम्मान के साथ 50 हजार नकद धनराशि देकर सम्मानित करने की घोषणा की थी। इसके लिए बरेली समेत दूसरे शहर व जिलों के 500 से अधिक लोगों द्वारा सुझाए गए नाम के चयन की प्रक्रिया लगभग पूर्ण कर ली गई है।

    खबरें और भी

    दावा किया जा रहा है कि जल्दी ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी। बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. के अनुसार शहर के विकास में आमजन की भागीदारी को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पीलीभीत रोड टाउनशिप के नामकरण को सुझाव मांगे गए थे। जिसमें 500 से अधिक लोगों ने नाम सुझाए हैं।

    इसमें सात अलग-अलग लोगों द्वारा (महादेवपुरम, महादेव टाउनशिप, महादेव आवासीय योजना, महादेव नगर, महादेव निवास जैसे नाम) सुझाव दिया है, जिसे चयनित कर लिया गया है। बताया कि जल्दी ही बीडीए की ओर से ऐसे लोगों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही उसे प्रथम नंबर पर रहने वाले को 50 हजार की नकद इनाम भी दिया जाएगा। पहले स्थान के साथ अन्य पांच लोगों का चयन होगा और उन्हें भी अलग-अलग सम्मान से प्रोत्साहित किया जाएगा।

    योजना में 4000 से अधिक लोगों ने भूखंड खरीदने को किए आवेदन

    पीलीभीत बाइपास रोड टाउनशिप के लिए अलग-अलग श्रेणियों में सृजित भूखंडों को खरीदने के लिए डिमांड सर्वे में चार हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किए हैं। इन्हें प्राथमिकता के आधार पर भूखंड आवंटन किया जाएगा। इस टाउनशिप के लिए 2275 किसानों से भूमि खरीदी की जा रही है।

    अब तक तीन सेक्टरों से अधिक भूमि खरीद का काम पूरा कर लिया गया है। योजना के विकास के लिए बीडीए की ओर से 2800 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जा रही है। योजना में 40 मीटर तक चौड़ी सड़कें, स्कूल-कालेज, अस्पताल, स्पोर्ट्स स्टेडियम, पार्क, माल व अन्य सामुदायिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

     

    पीलीभीत रोड पर प्रस्तावित आवासीय योजना का नाम क्या हो इसके लिए आयोजित कंपटीशन में बड़ी संख्या में लोगों ने सुझाव-आवेदन भेजे हैं। इसमें सात अलग-अलग लोगों के नाम चयनित कर लिए गए हैं, जो महादेव के नाम से हैं। शीघ्र ही योजना का नामकरण कर दिया जाएगा। यह आवासीय योजना अब तक की सबसे बड़ी योजनाओं में एक होगी, जो सुनियोजित विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नया मानक तय करेगा।

    - डा. मनिकंडन ए., उपाध्यक्ष, बीडीए


    यह भी पढ़ें- UP Police Power Couple: बरेली की SP अंशिका वर्मा और संभल के SP केके बिश्नोई लेंगे सात फेरे, जानें कब और कहाँ है शादी?