टैटू के फेर में उलझी मर्डर मिस्ट्री: बरेली में बोरे में बंद मिली लाश पर दंपति का दावा, अब DNA टेस्ट से खुलेगा राज
7 महीने पहले रेलवे ट्रैक के पास बोरे में एक युवती की लाश मिली थी। अब एक मां-बाप ने दावा किया है कि वह उनकी लापता बेटी है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आ ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
नवाबगंज के एक दंपति का दावा, उनकी बेटी हुई थी लापता उसी का है शव
जागरण संवाददाता, बरेली। सात महीने पहले फरीदपुर में रेलवे लाइन के पास बोरे में बंद एक युवती का शव मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसकी शिनाख्त का काफी प्रयास किया मगर कोई भी उसे पहचानता नहीं था। अब नवाबगंज के एक दंपति ने दावा किया है कि उनकी बेटी भी उस वक्त लापता हुई थी।
उन्होंने दावा किया है कि यह शव उन्हीं की बेटी का है मगर कहानी तब फंसी जब दंपति ने कहा कि बेटी के हाथ पर टैटू था लेकिन पंचायत नामा में इसका कोई जिक्र नहीं था। ऐसे में पुलिस ने अब शव का दंपति के साथ डीएनए मैच कराने का निर्णय लिया। डीएनए रिपोर्ट से पुष्टि होगी।
छह जनवरी को पितांबरपुर रेलवे स्टेशन से फतेहगंज पूर्वी की ओर कुछ दूरी पर बोरे में बंद एक युवती का शव मिला था। देखने से उसकी उम्र करीब 30 वर्ष के आस-पास थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछा मगर कोई उसे नहीं पहचानता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने शव के फोटो को भी थानों और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कराया तो अब नवाबगंज के प्रभातनगर निवासी चंद्रसेन सामने आए। उन्होंने कहा कि यह शव उनकी बेटी पूजा जैसा लग रहा है। चंद्रसेन ने पुलिस को बताया कि 22 नवंबर, 2025 को उनकी बेटी फरीदपुर जाने के लिए निकली थी।
खबरें और भी
मगर वह पहुंची नहीं, उसे काफी तलाशा मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद आठ जनवरी को उन्होंने नवाबगंज थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला अब जब शव का फोटो देखा तो लगा कि यह उन्हीं की बेटी है।
शरीर पर नहीं था टैटू, इसलिए कराना पड़ा डीएनए
पुलिस का कहना हैं कि जब उन्होंने चंद्रसेन से बेटी के हुलिया के बारे में जानकारी लेकर पंचनामा से मैच किया तो उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के हाथ पर एक टैटू बना था। पुलिस ने पंचनामा देखा तो उसमें किसी भी प्रकार के कोई टैटू का जिक्र नहीं था न ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिक्र था।
इसके बाद भी चंद्रसेन यही दावा कर रहे थे कि यह शव उन्हीं की बेटी का है। इसलिए पुलिस ने चंद्रसेन और उनकी पत्नी दोनों का ब्लड सैंपल दिलाया और शव के डीएनए से मैच करने के लिए भेज दिया है। डीएनए की रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।
नवाबगंज के एक दंपति ने दावा किया है कि फरीदपुर में मिला शव उनकी बेटी का है। अभी डीएनए सैंपल लिया गया है रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- अंशिका वर्मा, एसपी साउथ।