बरेली में नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: इन्वर्टिस के पास दो ट्रकों की टक्कर में 2 की मौत, लगा लंबा जाम
बरेली में नेशनल हाईवे पर इन्वर्टिस के पास दो ट्रकों की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के कारण ...और पढ़ें

हादसे में क्षतिग्रस्त हुए ट्रक। सौ पुलिस
HighLights
इन्वर्टिस के पास जीरो प्वाइंट पर हुआ हदसा, एक ट्रक का फटा था टायर
टायर फटने की वजह से रांग साइड में आ गया ट्रक, तभी हुआ हादसा
जागरण संवाददाता, बरेली। नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। टायर फटने की वजह से आमने सामने आए दो ट्रकों की भिड़त हो गई जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। देर शाम एक मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना के सिमरा घाट गांव निवासी दिलवाग सिंह के रूप में हुई। जबकि दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
घायल भी कुछ बताने की स्थिति में हैं। एक घायल व्यक्ति का पैर भी कट गया है। पुलिस का कहना हैं कि दूसरे मृतक की शिनाख्त का प्रयास जारी है। ट्रक मालिकों से संपर्क किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा का एक ट्रक दिल्ली से सेब लेकर बिहार की ओर जा रहा था। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के सामने जीरो प्वाइंट पर अचानक से उस ट्रक का टायर फट गया। जिसकी वजह से वह अनियंत्रित हुआ और रांग साइड (शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर) आ गया।
उधर, मध्य प्रदेश का एक ट्रक जो बहरानपुर से केले लेकर पीलीभीत जा रहा था। टायर फटने वाले ट्रक से भिड़ गया। मध्य प्रदेश के ट्रक की गति इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। केबिन में ही दोनों ट्रकों के चालक और हेल्पर फंसे रहे गए।
दोनों ट्रकों के फल हाईवे पर फैल गए। लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची बिथरी पुलिस ने क्रेन की मदद से किसी तरह से ट्रकों के अंदर फंसे हुए लोगों को निकाला और अस्पताल भिजवाया। जहां डाक्टरों ने उसमें से दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
जबकि, दो लोगों की हालत गंभीर बताई है। घायलों में से एक व्यक्ति के दोनों पैर भी कटना बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना हैं कि सेव का ट्रक लेकर जा रहे चालक दिलवाग सिंह की मौत हो गई मगर दूसरे की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने ट्रक नंबरों के आधार पर उनके मालिकों से संपर्क किया तो उन्होंने यह तो बता दिया कि उनके ट्रक कहां से कहां जा रहे थे, लेकिन वह यह नहीं बता सके कि ट्रक में ड्राइवर और हेल्पर कौन थे।
मालिकों का कहना था कि उनके पास कई ट्रक हैं और अलग-अलग चालक हेल्पर उन्हें लेकर जाते हैं। उन्होंने अपने कर्मचारियों से उनकी जानकारी मांगी है। शिनाख्त के बाद दूसरे मृतक और घायलों के स्वजन को सूचित किया जाएगा।
जाम खुलवाने में छूटे पसीने
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से किसी तरह से दोनों ट्रकों को हटाकर सड़क के एक ओर किया। फिर जाम खुलवाना शुरू कर दिया।
इतनी देर में करीब दो से ढाई किलोमीटर लंबा जाम लग चुका था। करीब दो से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस हाईवे को फिर से सुचारू कर पाई।
यह भी पढ़ें- 'मासूम चिल्लाया- माँ को बताऊंगा...': 5 साल के भाई का घोंटा गला, बरेली के चर्चित हत्याकांड में आया कोर्ट का फैसला