बरेली में झमाझम बारिश से बदला मौसम, लेकिन अगले 48 घंटे भारी; मौसम विभाग ने जारी किया 'Orange Alert'
Bareilly Weather Update: बरेली में भीषण गर्मी के बाद झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों और किसानों को राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने अ ...और पढ़ें

बारिश में भीगतीं युवतियां। जागरण
HighLights
दोपहर बाद शुरू हुई वर्षा, देर रात तक रुक-रुक कर होती रही बूंदाबांदी
जागरण संवाददाता, बरेली। कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को बुधवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और देखते ही देखते आसमान काले बादलों से घिर गया। पहले हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में झमाझम वर्षा में बदल गई।
बरसात का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा, जबकि रात में भी रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। पहली अच्छी मानसूनी बारिश से पूरा शहर भीग गया और लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली।

सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा था। बीच-बीच में धूप निकलने के बावजूद उमस बनी रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी कुछ ही देर में मूसलाधार बारिश में बदल गई। बारिश के कारण शहर का तापमान गिर गया और वातावरण पूरी तरह ठंडा हो गया।

कई दिनों से चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। बच्चों ने गलियों और मोहल्लों में बरसात में भीगकर खूब मस्ती की, जबकि कई लोगों ने घरों की छतों और बालकनियों से वर्षा का आनंद लिया। वर्षा के चलते शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

Rain Update: कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कत हुई। हालांकि तेज बारिश के बाद अधिकांश स्थानों पर पानी धीरे-धीरे निकल गया।
खबरें और भी

वर्षा का सबसे अधिक इंतजार किसानों को था। लंबे समय से अच्छी बरसात न होने के कारण धान समेत खरीफ की फसलों की रोपाई प्रभावित हो रही थी। बुधवार की वर्षा से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह अच्छी वर्षा होती रही तो फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी और खेती को बड़ा लाभ होगा।

शाम के समय मौसम सुहावना होने पर बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। ठंडी हवाओं और वर्षा की फुहारों ने मौसम को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया। गर्म पेय पदार्थों और पकौड़ों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आई।
बाहर निकले छाते और रेनकोट
वर्षा शुरू होते ही सड़कों पर छातों और रेनकोट की भरमार दिखाई दी। दफ्तरों से लौट रहे लोग पानी से बचने के लिए छाता और रेनकोट का सहारा लेते नजर आए।
कई लोग अचानक वर्षा शुरू होने के कारण भीग गए, जबकि दोपहिया वाहन चालक भी वर्षा से बचने के लिए फ्लाईओवर और दुकानों के शेड के नीचे रुकते दिखाई दिए। इसके बावजूद कई युवाओं ने भीगने का आनंद लिया।
आंधी-तूफान के बीच भारी वर्षा की संभावना
जिले में वर्षा की शुरुआत हो गई है। वहीं गुरुवार को वर्षा तेज होगी। इसके लिए मौसम विज्ञान विभाग की ओर से वर्षा का औरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। गुरुवार को भारी वर्षा, बिजली कड़कने और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ आंधी-तूफ़ान आ सकता है। वहीं शुक्रवार को भी भारी वर्षा की संभावना है।