'छोटी घटना भी बन सकती है गंभीर...': बरेली पहुंचे DGP का सख्त आदेश, कांवड़ यात्रा पर लापरवाही पड़ेगी भारी
डीजीपी राजीव कृष्ण ने बरेली में समीक्षा बैठक की और पुलिस लाइंस में जोनल कांवड़ कंट्रोल रूम व संकल्प सभागार का उद्घाटन किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा के ...और पढ़ें

जोनल कावंड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते डीजीपी। सौ पुलिस
HighLights
दोनों मंडलों की समीक्षा बैठक के बाद पुलिस लाइंस पहुंचे डीजीपी राजीव कृष्ण
जोनल कांवड़ कंट्रोल रूम, बास्केटबाल कोर्ट व सभागार का किया उद्घाटन
जागरण संवाददाता, बरेली। समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की केवल ब्रीफिंग ही नहीं की जाए, बल्कि उन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाए ताकि हर कर्मचारी अपने दायित्वों को समझे और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार संभावित घटनाओं के बारे में भी समझ सके।
यह भी समझाया जाए कि विपरीत परिस्थितियों में उस वक्त संबंधित कर्मचारी को क्या करना होगा। वह स्वयं निर्णय ले सके क्योंकि संवाद, प्रशिक्षण एवं त्वरित संचार ही किसी भी बड़े आयोजन की सफलता और असफलता के बीच का सबसे महत्वपूर्ण अंतर सिद्ध होते हैं।
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी पुलिस लाइंस पहुंचे। वहां सबसे पहले उन्होंने बास्केटबाल कोर्ट का शुभारंभ किया। इसके बाद जोनल कांवड कंट्रोल रूम का भी फीता काटा। कंट्रोल रूम के अंदर की सभी व्यवस्थाएं देखी उनके बारे में एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने संक्षिप्त शब्दों में पूरी जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि वहां से वह पूरे जोन के कांवड़ियों पर किस तरह से निगरानी कर सकती हैं।
कंट्रोल रूम से निकलने के बाद डीजीपी ने पुलिस लाइंस के संकल्प सभागार का भी उद्घाटन किया। उस सभागार में सबसे पहली बैठक डीजीपी ने एडीजी रमित शर्मा, दोनों परिक्षेत्र के डीजीपी और सभी नौ जिलों के एसएसपी के साथ की। बैठक के बाद प्रमुख सचिव और डीजीपी ने पुलिस लाइंस में ही पौधारोपण भी किया। इसके बाद करीब चार बजे वह हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
खबरें और भी
किसी भी छोटी घटना को नहीं मानना है सामान्य
समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी छोटी घटना को सामान्य घटना मानकर नहीं देखा जा सकता। सामान्य दिनों में छोटी प्रतीत होने वाली कोई भी घटना कांवड़ यात्रा के दौरान गंभीर परिणाम का कारण बन सकती है। इसलिए हर छोटी से छोटी घटना पर पुलिस एवं प्रशासन की प्रतिक्रिया जरूरी है।
किसी भी घटना को सामान्य नहीं माना जा सकता। उन्होंने स्पष्ट रूप से यह भी संदेश दे दिया कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करता है तो उस पर कार्रवाई होना तय है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेवानिवृत पुलिस पोर्टल का किया शुभारंभ, सराहा भी
डीजीपी राजीव कृष्ण ने जोनल कार्यालय में सेवानिवृत पुलिस पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने पोर्टल के बारे में जानकारी लेते हुए उसकी सराहना की। एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि यह पोर्टल बरेली जोन की तरफ से बनाया गया एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफार्म है।
इस पोर्टल को बनाने का प्रमुख उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रितों के साथ विभाग का नियमित संपर्क एवं संवाद बनाए रखना, उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना, पुलिस परिवार में आत्मीयता, सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना और कानून-व्यवस्था एवं सामुदायिक पुलिसिंग में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के अनुभव का उपयोग करना है।
इस पोर्टल की यह हैं प्रमुख विशेषताएं
एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से हर थाना, जिला निर्धारित अवधि पर सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों से संपर्क कर उनका विवरण दर्ज कर सकता है। स्वास्थ्य, पेंशन, सुरक्षा एवं परिवार से संबंधित समस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता आधारित निस्तारण की व्यवस्था होगी।
आपातकाल में स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य परिस्थितियों में सेवानिवृत्त कर्मियों से तत्काल संपर्क किया जा सकता है। सबसे खास बात है कि इस पोर्टल का विकास पूरी तरह से विभागीय स्तर पर किया गया है। पोर्टल का सर्वर जोन कार्यालय, बरेली में स्थापित किया गया है, जिससे डेटा की सुरक्षा एवं त्वरित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।