कासगंज-लखनऊ के बीच 11 साल बाद दौड़ी ट्रेन, बरेली के लोगों को भी मिलेगा फायदा
11 साल बाद कासगंज-ऐशबाग के बीच एक्सप्रेस ट्रेन सेवा फिर से शुरू हुई, जिससे बरेली समेत कई शहरों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। यह ट्रेन कासगंज, बदायूं, बरे ...और पढ़ें

11 वर्ष बाद कासगंज-लखनऊ के बीच दौड़ी ट्रेन।
HighLights
11 साल बाद कासगंज-ऐशबाग ट्रेन सेवा बहाल।
बदायूं, पीलीभीत में जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी।
बरेली, लखीमपुर खीरी को मिलेगा सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, बरेली। 11 वर्ष बाद कासगंज-ऐशबाग (लखनऊ) के बीच एक्सप्रेस ट्रेन फिर से दौड़ने लगी। रविवार को बदायूं के उझानी और पीलीभीत के पूरनपुर में जनप्रतिनिधियों ने उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। नियमित चलने वाली यह ट्रेन कासगंज, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर खीरी होते हुए ऐशबाग पहुंचेगी। वापसी का भी यही रूट रहेगा। इसमें चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, नौ नान-एसी चेयरकार और एक वातानुकूलित चेयरकार कोच लगाए गए हैं।
कासगंज से ऐशबाग के बीच रुहेलखंड एक्सप्रेस का संचालन मई 1984 में हुआ था। पूर्वोत्तर रेलवे के मीटरगेज रेलखंड को ब्राडगेज में परिवर्तित करने के लिए वर्ष 2015 में कासगंज से ऐशबाग तक जाने वाली रुहेलखंड एक्सप्रेस का संचालन बंद किया गया था।
रेलवे ने अन्य हिस्से का काम समय से पूरा करा लिया मगर, पीलीभीत से मैलानी के बीच वनक्षेत्र में बाधा आई। 13 किमी के इस हिस्से में वन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र वर्ष 2023 में मिल सका था।
इसके बाद से पीलीभीत से बरेली होकर कासगंज, पीलीभीत से मैलानी होते और मैलानी से लखनऊ तक ट्रेनों का संचालन हो रहा था। बरेली से लखनऊ की कोई सीधी ट्रेन नहीं थी। पिछले साल पीलीभीत गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन इज्जतनगर स्टेशन से शुरू किया गया लेकिन कासगंज-लखनऊ के बीच सीधी ट्रेन नहीं थी।
एक महीने पहले रेलवे की अनुमति के बाद कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस का होगा संचालन दोबारा संचालन की रूपरेखा बनी। रविवार को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 05018 को दोपहर 12 बजे खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
खबरें और भी
पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हरी झंडी दिखाई। उद्धाटन स्पेशल बरेली जंक्शन पर, पीलीभीत, मैलानी होते हुए ऐशबाग पहुंची। उझानी में डीआरएम वीणा सिन्हा और पूरनपुर में एडीआरएम मनोज कुमार मौजूद रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि इसका नियमित संचालन सोमवार से होगा। कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस नंबर 15312 प्रतिदिन कासगंज से सुबह 04.20 बजे चलकर उझानी से 05.02 बजे पहुंचेगी।
वहां से 05.25 बजे बदायूं, 06.15 बजे बरेली, 06.37 बजे इज्जतनगर, 07.40 बजे पीलीभीत, 08.40 बजे पूरनपुर, 09.30 बजे मैलानी, 09.50 बजे गोला गोकर्णनाथ, 10.26 बजे लखीमपुर खीरी, 10.52 बजे सीतापुर, 11.46 बजे सिधौली, 12.23 बजे मोहिबुल्लापुर से रवाना होकर दोपहर एक बजे ऐशबाग पहुंचेगी।
वापसी में 15311 ऐशबाग से दोपहर दो बजे रवाना होगी और वापसी में गाड़ी संख्या 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस ऐशबाग जंक्शन से 14:00 बजे प्रस्थान कर, मोहिबुल्लापुर 14:20 बजे छूटकर, सिधौली 14:58, सीतापुर जं. 15:20, लखीमपुर 16:10, गोला गोकर्णनाथ 16:40, मैलानी 17:25, पूरनपुर 17:52, पीलीभीत 18:45, इज्जतनगर 19:35, बरेली जं. 20:10, बदायूं 21:10, उझानी से 21:25 बजे छूटकर कासगंज जंक्शन रात 22:40 बजे पहुंचेगी।