बरेली से उपमुख्यमंत्री की हुंकार: 'विपक्ष मान चुका है हार, हर बूथ पर जब्त कराएं जमानत'
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली में 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बूथ अध्यक्षों को पार्टी मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने सपा-क ...और पढ़ें

बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। मंचासीन महापौर डॉ. उमेश गौतम, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी तथा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना। जागरण
HighLights
शहर विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने भरी चुनावी हुंकार, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्री
जागरण संवाददाता, बरेली। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को शहर में विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल फूंक दिया। शहर विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उन्होंने बूथ अध्यक्षों को उनकी ताकत का अहसास कराया। बोले, विपक्षी पार्टियों ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। भाजपा के बूथ अध्यक्ष उनकी जमानत जब्त कराने का काम करें।
इसके लिए कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले भी किए। बोले, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, जनता पूरी तरह भाजपा के साथ है।
मिनी बाइपास स्थित रिजार्ट में हुए सम्मेलन में केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा में सरकार से बड़ा संगठन है और बूथ अध्यक्ष इस संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है। बोले, मैं पहले भाजपा का कार्यकर्ता हूं, बाद में उप मुख्यमंत्री। चेताया, जो लोग संगठन के खिलाफ माहौल बनाने या भ्रम फैलाने की कोशिश करें, उनकी जानकारी तत्काल जिला नेतृत्व तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए केवल भाषण नहीं, बल्कि जमीन पर लगातार मेहनत करनी होगी। हर बूथ पर मतदाताओं से सीधा संवाद, सरकार की योजनाओं की जानकारी और विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने को कहा। बोले, लोगों को समझाएं कि भाजपा ने विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है।
खबरें और भी
उन्होंने अधिकारियों को भी संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता की उपेक्षा हुई तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बोले, भाजपा कार्यकर्ता अनुशासन और समर्पण के साथ काम करते हैं, इसलिए प्रशासनिक स्तर पर भी उनके सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास बूथ जिताने वाले कार्यकर्ता हैं, जबकि विपक्ष के पास न मुद्दे हैं, न नेतृत्व।
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सर्जिकल स्ट्राइक, आपरेशन सिंदूर, राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाने और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज दुनिया भारत को सम्मान की नजर से देख रही है। देश ने बीते वर्षों में सुरक्षा, सम्मान और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बरेली में इज्जतनगर रेलवे स्टेशन का विकास, नई ट्रेनों, नए रोडवेज बस अड्डे, यूनानी मेडिकल कालेज, आइटी पार्क, ईएसआई अस्पताल और श्मशान भूमि फाटक पर बन रहे अंडरपास का जिक्र किया। बोले, कानून-व्यवस्था में सुधार, निवेश बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के विस्तार से उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और और विपक्ष के झूठे प्रचार का करारा जवाब देने का आह्वान किया। सम्मेलन की अध्यक्षता वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार सक्सेना ने की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, महापौर डाॅ. उमेश गौतम, सभी बूथ अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।