मनौना धाम का बदलेगा रूप: खाटू श्याम मंदिर के लिए 10 करोड़ का मास्टर प्लान तैयार, मिलेंगी ये सुविधाएं
आंवला स्थित मनौना धाम के खाटू श्याम मंदिर के पर्यटन विकास हेतु 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक यात्री शे ...और पढ़ें

मनौना धाम
HighLights
पर्यटन मंत्री कर चुके समीक्षा, प्रशासन के अनुमोदन लेकर शासन को जाएगा प्रस्ताव
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में आंवला स्थित मनौना धाम की ख्याति देशभर में फैल रही है। बाबा खाटू श्याम के इस मंदिर में नियमित 10 हजार श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास पर जोर दे रही है। इसी क्रम में मनौना धाम का पर्यटन विकास कराने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कराया गया है।
विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य ने इसके लिए प्रस्ताव दिया है, जबकि पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी इस पर सहमति दी है। पिछले सप्ताह पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने यहां मंडलभर की प्रस्तावित धार्मिक पर्यटन की परियोजनाओं की समीक्षा की थी, तब मनौना धाम के प्रस्ताव को भी उसमें शामिल किया था।
पर्यटन विभाग का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान यहां सुविधाओं का व्यापक विस्तार करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि बाबा खाटू श्याम के दरबार में नियमित हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
पर्यटन विभाग के हालिया आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है जिसके अनुसार जिले में आने वाले कुल पर्यटकों में से लगभग 30 प्रतिशत लोग विशेष रूप से मनौना धाम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस संख्या को देखते हुए शासन को करीब 10 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव तैयार दिया है।
खबरें और भी
इससे धाम के परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए आधुनिक यात्री शेड, भव्य प्रवेश द्वार, विशाल पार्किंग स्थल, सामुदायिक हाल, आधुनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त धर्मशालाओं का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
उप निदेशक पर्यटन रवींद्र कुमार ने बताया कि पर्यटन मंत्री के सामने प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा चुका है। जिलाधिकारी से अनुमोदन कराकर जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर जिले के जनप्रतिनिध के सहयोग और जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मनौना धाम पर पर्यटकों के लिए अच्छी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।