बरेली में ऑनर किलिंग: मुस्लिम प्रेमी से बात करते पकड़ी गई बेटी, अपनों ने ही गला दबाकर ले ली जान
रामनगर में क्रांति नाम की युवती की उसके पिता और भाइयों ने हत्या कर दी क्योंकि वह एक मुस्लिम युवक से बात करती थी और उससे शादी करना चाहती थी। पुलिस ने प ...और पढ़ें

जेल जाते ऑनर किलिंग के आरोपित पिता व पुत्र और मृतक युवती क्रांति कश्यप की फाइल फोटो
HighLights
आनर किलिंग के आरोप में पिता व दोनों पुत्रों को पुलिस ने भेजा जेल
संवाद सूत्र, रामनगर (बरेली)। क्रांति मुस्लिम युवक से बातचीत करती थी, यह बात पिता और भाइयों को रास नहीं आई। उन्होंने पहले समझाया मगर जब वह नहीं मानी तो तीनों आरोपितों ने मिलकर क्रांति को जमकर पीटा और इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस जब गांव पहुंची तो उन्होंने उल्टी-दस्त के बाद मौत होने की बात बताई मगर पोस्टमार्टम में हत्या की कहानी खुली।
पुलिस ने क्रांति के चाचा की शिकायत पर पिता व दोनों पुत्रों के विरुद्ध प्राथमिकी लिख तीनों को जेल भेज दिया है। सिरौली के बरसेर सिकंदरपुर के महेंद्र कश्यप की बेटी क्रांति कश्यप का संभल निवासी अरमान खान से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती प्रेमी से फोन पर बात करती थी।
मां का पूर्व में ही निधन हो जाने की वजह से क्रांति अपने मन की बात भी किसी से साझा नहीं कर पाती थी और न ही उसे कोई समझाने वाला था। स्वजन ने काफी समझाया, लेकिन उसने साफ कहा कि वह अरमान से शादी करना चाहती है। पिछले वर्ष अरमान और क्रांति को गांव वालों ने रामनगर किला में पकड़ लिया था।
इसके बाद दोनों पक्षों में बैठकर समझौता हो गया मगर क्रांति के पिता महेंद्र आए दिन अपनी बेटी के साथ मारपीट करते थे। महेंद्र के दोनों बेटे अमन व आकाश बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। एक हफ्ता पहले ही वह गांव आए थे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने सोमवार को क्रांति को युवक से फोन पर बात करते पकड़ लिया था।
खबरें और भी
इसके बाद पिता और दोनों भाइयों ने पहले उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मुहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया था। रात में आरोपितों ने क्रांति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। गांव में किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि, युवती की हत्या कर दी गई है।
पुलिस मौके पर पहुंची और मौत का कारण पूछा तो पिता और भाइयों ने बताया कि उसे उल्टी दस्त हो रहे थे। इसी की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जब क्रांति के पोस्टमार्टम की बात कही तो स्वजन तैयार नहीं हुए, चूंकि सूचना हत्या की थी इसलिए पुलिस ने क्रांति का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरे शरीर पर पिटाई के निशान के साथ मौत का कारण गला दबाना आया। हत्या की कहानी खुलने के बाद युवती के चाचा महक सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्रों पर हत्या की प्राथमिकी लिखकर उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। तीनों को जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि आनर किलिंग का मामला है। युवती अरमान नाम के युवक से प्रेम करती थी। इसी के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।