रणवीर सिंह की 'धुरंधर' में बरेली के इस डायलॉग ने मचाया बवाल, सोशल मीडिया पर छिड़ गई जंग!
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का एक संवाद 'बरेली का पाकेटमार' शहर में चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में रणवीर के किरदार को बचाने के लिए एक ए ...और पढ़ें

धुरंधर: द रिवेंज
HighLights
इंटरनेट मीडिया पर फिल्म के एक खास संवाद पर लोग साझा कर रहे प्रतिक्रिया
जागरण संवाददाता, बरेली। निर्देशक आदित्य धर और अभिनेता रणवीर सिंह की नई फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' इन दिनों सिनेमाघरों में तहलका मचा रही है। फिल्म अपनी दमदार कहानी और रणवीर के अभिनय के लिए सराही जा रही है, लेकिन अपने शहर में यह फिल्म एक खास संवाद (डायलाग) की वजह से चर्चा का केंद्र बन गई है। इंटरनेट मीडिया पर 'बरेली का पाकेटमार' डायलाग ने हलचल तेज कर दी है, जिस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फिल्म के एक दृश्य में जब मुख्य किरदार हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) एजेंट आलम से मिलता है। लोगों को कुछ संदेह होता है, इससे रणवीर को बचाने के लिए आलम खुद को घायल कर लेता है।
जब हमजा पूछता है कि उसने ऐसा क्यों किया, तो आलम भावुक होकर कहता है, 'वह बरेली का पाकेटमार है। अपने देश के लिए शहीद होगा, ये हक मुझसे मत छीन मेरे भाई। कोई और याद रखे या न रखे तू मुझे याद रखना'। इस डायलाग के प्रसारित होते ही बरेली के लोग इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं।
जहां कुछ लोग व्यंग्य करते हुए लिख रहे हैं कि अब तो बरेली के पाकेटमारों की इज्जत बढ़ गई, वहीं कुछ युवाओं का मानना है कि यह संदेश प्रेरणादायक है कि देश सेवा का जज्बा किसी में भी हो सकता है। इस सीन के वीडियो क्लिप्स तेजी से शेयर किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, 'धुरंधर' ने न केवल बाक्स आफिस पर अपनी पकड़ बनाई है, बल्कि बरेली की गलियों में भी चर्चा का विषय बन गई है।