Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कप्तानगंज विधायक कविंद्र चौधरी अतुल का रिपोर्ट कार्ड: विकास की राह में छोटी सफलताएं और बड़ी उम्मीदें

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 09:01 PM (IST)

    कप्तानगंज विधायक कविंद्र चौधरी अतुल ने अपने कार्यकाल में छोटी-छोटी परियोजनाओं और जनसंपर्क के माध्यम से क्षेत्र में विकास का प्रयास किया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. विधायक ने छोटे विकास कार्यों और जनसंपर्क पर ध्यान दिया।

    2. प्रतिद्वंद्वी बड़े विकास कार्यों की कमी पर सवाल उठाते हैं।

    3. जनता की राय विधायक के प्रदर्शन पर मिश्रित है।

    विधायक जी का रिपोर्ट कार्ड- कप्तानगंज। कप्तानगंज के विधायक कविंद्र चौधरी अतुल ने अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में विकास की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र को नई दिशा और दशा देने का प्रयास किया।

    छोटी-छोटी सफलताओं और समस्याओं के निस्तारण के बीच पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने वाला है, लेकिन जिस उम्मीद और इरादे के साथ कार्यकाल की शुरुआत हुई थी, वह अब तक रफ्तार नहीं पकड़ पाई।

    विधानसभा क्षेत्र के वोटर

    • कुल मतदाता -335517
    • पुरुष मतदाता- 183678
    • महिला मतदाता-151838

    विधायक निधि से विभिन्न गांव और चौराहों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की बात हो या छोटी-छोटी आबादी को कीचड़, गंदगी और जल जमाव से निजात दिलाने का प्रयास। विधायक ने अपने अब तक के कार्यकाल में अपनी निधि से यह छोटे-छोटे निरंतर प्रयास किए हैं।

    बहुत सारी जगह पर न सिर्फ छोटी सड़कों के निर्माण से लोगों को आवागमन में राहत मिली है, बल्कि अन्य कार्यों से भी लोग प्रभावित रहे हैं। आरसीसी, खड़ंजा, इंटरलाकिंग हाई मास्ट लाइट के साथ महापुरुषों की स्मृतियों में सहेजने में भी अपने मद का सदुपयोग किए हैं।

    C-205-1-GKP1337-466691

    बड़ी संख्या में पूरे विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और स्थलों पर विभिन्न महापुरुषों को आमजन की यादों में जीवित रहने का कार्य किया गया है। विरासत में मिली राजनीति का बहुत सारा लाभ होने के साथ एक अलग तरह का दबाव भी बना रहता है, बावजूद इसके विधायक कविंद्र चौधरी अतुल ने अपने स्वभाव और छवि को कभी नकारात्मक और विवादित नहीं बनने दिया।

    खबरें और भी

    बात चाहे किसी चुनाव के दौरान की रही हो या अन्य किसी बड़े मसले की। वह हमेशा शांत स्वभाव के साथ अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन करते हुए नजर आते हैं। जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम उम्र के विधायक बने अतुल ने विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में अपनी निधि से भवन बनवाने का कार्य किया।

    धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी प्रयास किया। कैंसर पीड़ित के उपचार में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन करते हुए पांच लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराई। वर्ष 2023- 24 में पांच करोड़ की लागत से 44 विभिन्न सड़क, स्मृति द्वार, सीसी रोड, नाली निर्माण सहित अन्य प्रमुख कार्य करवाए गए।

    इसी तरह वित्तीय वर्ष 2025- 26 में 58 से अधिक कार्यों में कुल 487.948 करोड़ की स्वीकृति हुई, जिसमें अधिकांश कार्य विभिन्न विभागों और संस्थाओं के द्वारा पूर्ण कराए गए हैं। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के माझा मानपुर में बने पुल का एप्रोच मार्ग लंबे समय से जर्जर था। यह बस्ती जिले को गोंडा से जोड़ने वाला पुल है।

    विधायक ने पत्राचार किया, जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाकर पूर्ण कर दिया गया है। इस एप्रोच मार्ग के बनने से बड़ी संख्या में लोगों को आवागमन में सुविधा और सहूलियत मिल रही है।

    वित्तीय वर्ष 2026- 27 में बभनान हलुआ मार्ग का चौड़ीकरण, दुबौला पचपेड़वा मार्ग का चौड़ीकरण, पगार घाट पर पुल का निर्माण और विभिन्न धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण सहित 27 से अधिक विभिन्न कार्य प्रस्तावित हैं, जिनको पूर्ण करने का प्रयास कर रहे हैं।

    सदन में उपस्थिति 99 प्रतिशत है। विधायक शहर स्थित अपने आवास पर जनता से संवाद स्थापित करने के साथ ही कप्तानगंज में भी कार्यालय पर समय देते हैं।

    विधायक की जुबानी

    कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में हमने सर्व समाज के महापुरुषों और महान विभूतियों का स्मृति द्वार बनवाया है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में छोटी-छोटी सड़कों को बनवा कर गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने में सफलता मिली है। माझा मानपुर में पुल के एप्रोच मार्ग के निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयास करने के बाद सफलता मिली है। बेलघाट में अति महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कार्य कराया गया है। हमारा प्रयास है कि बभनान हलुआ मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करने के साथ दुबौला से पचपेड़वा मार्ग का निर्माण हो। इसके साथ ही पगार घाट पर बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण कराने के लिए भी लगातार प्रयास किया जा रहा है।

    -कवींद्र चौधरी अतुल, विधायक

    प्रतिद्वंद्वी बोले-

    विधायक द्वारा कोई ऐसा कार्य नहीं किया गया है, जो सर्व समाज के लिए हितकारी हो। उनके विकास का पहिया शून्य से आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने जातिगत आधार पर ही सब कुछ साधने का प्रयास किया है। सामाजिक रूप से कोई उनकी सक्रियता दिखाई नहीं देती है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बस्ती के हरैया में आए थे। उन्होंने मंच से कहा कि कप्तानगंज विधानसभा में विकास की रफ्तार उसी समय थम गई थी, जब यहां से विपक्ष के प्रत्याशी विधायक बने थे। साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में कोई भी ऐसा कार्य नहीं हुआ है, जिसका लाभ जनता को मिला हो। हमने अपने कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र की लाइफ लाइन टिनिच कप्तानगंज मार्ग का चौड़ीकरण कराया। भौखरी में बिजली का बड़ा प्लांट लगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ क्षेत्र के सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया गया।

    -सीए चंद्र प्रकाश शुक्ल, मुख्य प्रतिद्वंद्वी

    जनता की नजर में

    विधायक ने तमाम सारे महत्वपूर्ण कार्यों को पूर्ण करने का सराहनीय प्रयास किया है। वह स्वभाव से बहुत ही विनम्र हैं, हमेशा क्षेत्र में उनकी उपस्थिति रहती है। माझा मानपुर पुल का एप्रोच मार्ग लंबे समय से लोगों की समस्या का कारण बना हुआ था, लेकिन विधायक के प्रयास से आज इस मार्ग से लोगों को आवागमन में बहुत ही आसानी हो गई है।

    -प्रदीप यादव, माझा मानपुर

     

    विधायक क्षेत्र में लोगों के बीच में हमेशा मौजूद रहते हैं। उनसे कभी भी संपर्क करके अपनी समस्याओं को अवगत कराया जा सकता है। सरकार इनकी नहीं है, फिर भी सक्रिय रहते हैं। अपने स्तर से उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र में महापुरुषों की स्मृतियों को संजोने का काम किया है।

    -दुर्गा प्रसाद कसौधन, व्यापारी, कप्तानगंज

     

    पूर्व विधायक सीए चंद्र प्रकाश शुक्ल के कार्यकाल में ही विधानसभा क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों से रूबरू होने का मौका मिला। उन्होंने बिना किसी भेदभाव और जातिगत समीकरण को साधे हुए सर्व समाज के लिए हर क्षेत्र में कार्य किया और उन्हीं के कार्यकाल का विकास कार्य आज दिखाई दे रहा है।

    -चिंतामणि तिवारी, तेनुईचेतसिंह

     

    वर्तमान विधायक के कार्यकाल में विकास कहीं दिख नहीं रहा है। यह अलग बात है कि उनके द्वारा तमाम सारे मुद्दों को लेकर प्रयास किए गए हों, लेकिन जनता को धरातल पर विभिन्न योजनाओं का लाभ मिले और उनके द्वारा किए गए प्रयास से परिणाम आए तो माना जाए कि वह एक सफल जनप्रतिनिधि साबित हुए, लेकिन पूरे विधानसभा क्षेत्र में ऐसा नहीं हो पाया।

    -जय प्रताप सिंह, पिकौरा

     

    यह भी पढ़ें- खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी का रिपोर्ट कार्ड: विकास की गाड़ी चली जरूर, लेकिन मंजिल अब भी दूर

    यह भी पढ़ें- सहजनवा में विकास की रफ्तार तेज, अधूरे कार्यों पर जनता की निगाहें, विधायक प्रदीप शुक्ला का रिपोर्ट कार्ड जारी