सहजनवा में विकास की रफ्तार तेज, अधूरे कार्यों पर जनता की निगाहें, विधायक प्रदीप शुक्ला का रिपोर्ट कार्ड जारी
सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला के साढ़े चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी हुआ है, जिसमें शिक्षा, सड़क और उद्योग में विकास के साथ कुछ परियोजनाएं अ ...और पढ़ें

HighLights
शिक्षा, सड़क, उद्योग में विकास, गीडा में नई फैक्ट्रियां स्थापित।
एलिवेटेड फ्लाईओवर, आमी बांध जैसे बड़े कार्य अभी अधूरे।
प्रदूषण, रोजगार प्राथमिकता, किसानों के मुद्दे प्रमुख चुनौतियां।
विधायक जी का रिपोर्ट कार्ड- सहजनवा। बीते साढ़े चार वर्ष में सहजनवा विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा ने नई गति पकड़ी है। शिक्षा, सड़क, पुल, उद्योग और खेल के क्षेत्र में हुए कार्यों ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का प्रयास किया है। वहीं कुछ ऐसी बुनियादी जरूरतें भी हैं, जिनका समाधान अभी बाकी है और जिन पर क्षेत्र की जनता की निगाहें टिकी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में अटल आवासीय विद्यालय, आश्रम पद्धति विद्यालय, सर्वोदय बालिका विद्यालय, दो आइटीआइ और राजकीय पालिटेक्निक की स्थापना ने ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोले हैं। परिषदीय विद्यालयों के आधुनिकीकरण से सरकारी शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
औद्योगिक क्षेत्र गीडा इस दौरान विकास का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा। चार सौ से अधिक नई फैक्ट्रियों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं। हालांकि, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग अब भी प्रमुख मुद्दा बनी हुई है। फैक्ट्रियों से बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण की अपेक्षा भी लगातार उठ रही है।
सड़क और पुल निर्माण के क्षेत्र में बरडाड-जैतपुर मार्ग, भीटीरावत-चौरसिया चौराहा सड़क चौड़ीकरण, जैतपुर-शहीदाबाद मार्ग, सुरगहना, खोरठा, कटका और परमेश्वरपुर पुल जैसे कार्यों ने आवागमन को आसान बनाया है।

सहजनवा में करीब 4.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड फ्लाईओवर को मंजूरी मिलना बड़ी उपलब्धि रही, लेकिन निर्माण कार्य शुरू न होने से लोगों की अपेक्षाएं अधूरी हैं।
गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर कट बंद होने के कारण रोजमर्रा की आवाजाही आज भी बड़ी समस्या बनी हुई है। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए रामजी टोड़नी, पाली, रदौली उर्फ मठिया और हरपुर बुदहट सहित कई मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया गया है।
खबरें और भी
युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक मिनी स्टेडियम का निर्माण भी विधायक की उपलब्धियों में शामिल है। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण मांगें अब भी पूरी नहीं हो सकी हैं।
आमी नदी पर बांध निर्माण, चोरमा रेगुलेटर के पास पंप हाउस, सहजनवा में गेस्ट हाउस और बस स्टेशन, नगर के कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था और गीडा के प्रदूषण का समाधान प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं।
विधायक निधि से लगभग 20 करोड़ रुपये अबतक खर्च किए जा चुके हैं। यह धनराशि आरसीसी सड़कों और जरूरतमंद मरीजों की सहायता पर खर्च की गई है।
कुल मिलाकर सहजनवा ने विकास की दिशा में उल्लेखनीय कदम बढ़ाए हैं, लेकिन अधूरी परियोजनाओं और मूलभूत समस्याओं के समाधान के बाद ही यह विकास यात्रा पूरी तरह संतुलित और व्यापक मानी जाएगी।
विस क्षेत्र के वोटर
- कुल मतदाता : 342995
- पुरुष मतदाता : 189363
- महिला मतदाता : 153620
विधायक की जुबानी
जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे सेवा का अवसर दिया है, उसी को अपना संकल्प मानकर निरंतर विकास कार्य कर रहा हूं। पिछले साढ़े चार वर्ष में शिक्षा, सड़क, पुल, उद्योग, खेल और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। अटल आवासीय विद्यालय, पालिटेक्निक, आइटीआइ, मिनी स्टेडियम और गीडा में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से क्षेत्र को नई पहचान मिली है। विधायक निधि का उपयोग भी पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित के कार्यों में किया गया है। हमारा प्रयास केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है। आमी नदी पर बांध, चोरमा रेगुलेटर पर पंप हाउस, फ्लाईओवर, बस स्टेशन, गेस्ट हाउस और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता जैसे मुद्दों पर लगातार प्रयास जारी हैं। हमारा लक्ष्य सहजनवा को प्रदेश की आदर्श विधानसभा क्षेद्ध के रूप में स्थापित करना है। इसे लक्ष्य मानकर चहुंमुखी विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा हूं।
-प्रदीप शुक्ला, विधायक, सहजनवां
प्रतिद्वंद्वी बोले-
सहजनवा क्षेत्र में जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है। न्याय के लिए गरीब तहसील और थानों पर दौड़ रहे है मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गीडा के विकास ने नाम पर किसानों से औने पौने दामों में जमीन जबरन छीन ली जा रही है। सर्किल रेट नहीं बढ़ने से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार देने से उद्यमी भाग रहे है। आमी नदी पर बांध और सुरगहना में बाढ़ से फसलों के बचाव को लेकर व्यवस्था होनी चाहिए। अब जनता भाजपा सरकार के कार्यों से आजिज आ चुकी है। उससे मुक्ति चाह रही है।
-यशपाल रावत, मुख्य प्रतिद्वंद्वी
जनता की राय
क्षेत्रीय विधायक प्रदीप शुक्ला की दूरदर्शी सोच और निरंतर मेहनत का परिणाम है कि आज सहजनवा में विकास स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य विकास कार्य तेजी से हुए हैं। उद्योगों के विस्तार से युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं और महिलाओं की सुरक्षा भी बेहतर हुई है।
-दिनेश साहनी, उनवल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। सहजनवा में विधायक प्रदीप शुक्ला लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनते और उनका समाधान कराते हैं। चार वर्षों से उनका जनसंपर्क अभियान जारी है, जिससे लोगों में विश्वास बढ़ा है और विकास कार्यों में तेजी आई है।
-विवेकानंद सिंह, पाली
सहजनवा क्षेत्र से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष जुड़ाव रहा है, इसलिए यहां की जरूरतों को प्राथमिकता मिली है। विधायक प्रदीप शुक्ला के प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य विकास कार्य हुए हैं। गीडा में उद्योगों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
-वंशीधर यादव, सीहापार
सरकार विकास के दावे करती है, लेकिन सहजनवा की कई समस्याएं आज भी बरकरार हैं। हाईवे पर कट बंद होने से आवागमन प्रभावित है। गीडा की फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं और राख प्रदूषण बढ़ा रहे हैं। नहरों में पानी, खाद की कमी और गिरते भूजल स्तर से किसान व ग्रामीण परेशान हैं।
-घटोत्कक्ष शुक्ला, हरपुर
यह भी पढ़ें- कुशीनगर : विधायक PN पाठक ने थामी शहर के विकास की कमान, लेकिन नहीं शुरू करा सके अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान
यह भी पढ़ें- धनघटा विधायक गणेश चौहान का रिपोर्ट कार्ड: विकास की राह और अधूरी चुनौतियां