होटल में मृत मिले वैज्ञानिक ने ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर की थी 62 लाख की ठगी, नौकरी का झांसा देकर ली थी रकम
लखनऊ के होटल में मृत मिले युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह पर बस्ती में 62 लाख रुपये की ठगी का आरोप था। उन्होंने नौकरी और ड्रोन प्रोजेक्ट का झांसा देकर एक व् ...और पढ़ें

HighLights
युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह पर 62 लाख की ठगी का आरोप।
नौकरी और ड्रोन प्रोजेक्ट का झांसा देकर की थी ठगी।
बस्ती के नगर बाजार थाने में दर्ज था मुकदमा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। लखनऊ के नोवोटल होटल में मृत मिले युवा विज्ञानी राहुल सिंह ने बस्ती के एक व्यक्ति के साथ नौकरी दिलवाने और ड्रोन प्रोजेक्ट का झांसा देकर 62 लाख की ठगी की थी।
महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के अब्दुल कलाम नगर निवासी राहुल के खिलाफ नगर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अभी विवेचना कर ही रही थी कि उसके दिवंगत होने का समाचार मिल गया।
यह है पूरा मामला
थाना नगर बाजार बस्ती के तिनपेड़िया निवासी दीपेन्द्र मिश्र पुत्र वीरेन्द्र मिश्र ने तहरीर में बताया था उनकी मुलाकात राहुल सिंह से हुई थी।
राहुल स्वयं को भारत सरकार के उच्च अधिकारियों से जुड़ा बताते हुए दावा किया किया था कि वह सरकार के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कर रहे हैं। विश्वास जीतने के लिए कई फोटो और वीडियो दिखाए तथा भारत सरकार के लिए ड्रोन निर्माण और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी दी।
इसी दौरान आरोपित ने बताया कि उसका एक महत्वपूर्ण सरकारी प्रोजेक्ट बीच में अटक गया है, जिसे पूरा करने के लिए तत्काल 62 लाख रुपये की आवश्यकता है। यह भी आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर पूरी धनराशि वापस कर देगा।
तहरीर के अनुसार, आरोपित की बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर राहुल के बताए गए बैंक खाते में कुल 62 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने रुपये वापस नहीं किए। जब पीड़ित ने अपनी रकम की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। उसके साथियों द्वारा भी अलग-अलग माध्यमों से फोटो और वीडियो भेजकर मानसिक दबाव बनाने और डराने-धमकाने का भी प्रयास किया गया।
इस मामले में सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने बताया कि मुकदमा के आधार पर पुलिस विवेचना कर रही थी। उन्हें भी अखबार से ही यह जानकारी मिली कि उसकी संदिग्ध मृत्यु लखनऊ के होटल में हो गई है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के होटल में युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध मौत, बैटरी चालित ट्रैक्टर बनाकर बटोरी थी सुर्खियां