गुलदार ने जबड़े में दबा ली महिला की गर्दन, पति ने बचाने का बहुत किया प्रयास, लेकिन चली गई जान
Bijnor News : बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र के जामुनवाला गांव के जंगल में एक गुलदार ने खेत के पास बैठी 50 वर्षीय क्रांति देवी पर हमला कर दिया। उनकी मौत हो ...और पढ़ें

गुलदार के हमले में महिला की मौत पर विलाप करते स्वजन व मौजूद ग्रामीण। इंसेट में क्रांति देवी का फाइल फोटो
HighLights
बिजनौर में गुलदार ने खेत के पास महिला पर हमला किया।
मौत से ग्रामीणों में रोष, तीन घंटे तक शव नहीं उठाने दिया।
संवाद सूत्र, अफजलगढ़ (बिजनौर)। अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव जामुनवाला के जंगल में शुक्रवार दोपहर गुलदार ने खेत के पास बैठी महिला पर हमला कर दिया और उन्हें खींच कर ले गया। घटना के समय महिला का पति खेत की जुताई कर रहा था, शोर सुनकर पति ने पत्नी को बचाने का प्रयास भी किया। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
क्षेत्र के गांव चौहड़वाला निवासी लगभग 50 वर्षीय क्रांति देवी व उनके पति रंजीत सिंह शुक्रवार सुबह पास के गांव जामुनवाला निवासी किसान तेजपाल सिंह के खेत में काम करने गए थे। दोपहर में करीब तीन बजे रंजीत सिंह खेत की जुताई कर रहे, जबकि क्रांति देवी खेत के पास ही एक पेड़ के नीचे आराम कर रही थीं।
इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकलकर आए एक गुलदार (Leopard) ने क्रांति देवी पर हमला कर दिया। गुलदार अपने जबड़े में महिला की गर्दन दबाकर उसे खींच कर ले जाने लगा। महिला की चीख सुनकर पति रंजीत सिंह लाठी लेकर मौके पर दौड़े और शोर मचाया। जिससे आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण भी आ गए।
रंजीत सिंह ने पत्नी को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन गुलदार उन्हें कुछ दूरी तक खींच कर ले गया। शोर मचाने पर बाद में गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। लेकिन गर्दन पर हमला होने के चलते क्रांति देवी की मौके पर ही मौत हाे गई।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बिजनौर में गुलदार ने महिला पर किया हमला, बड़ी मुश्किल से बची जान, क्षेत्र में दहशत
गुस्साए ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया
घटना की सूचना पर गांव से स्वजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर एकत्र हो गए। महिला की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर नगीना वन रेंज क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा, अफजलगढ़ थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह राठी टीम के साथ पहुंचे।
उन्होंने स्वजन को समझाने का प्रयास किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही। लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने लगभग तीन घंटे तक शव नहीं उठने दिया। रेंजर प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि घटना स्थल पर एक पिंजरा लगवा दिया गया है, स्वजन को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।