बिजनौर में बच्चों के विवाद में युवक ने पिता-पुत्र पर चाकू से किया हमला, पिता की मौत
बच्चों के विवाद में शिकायत करने गए बाप-बेटे पर रिश्ते के भतीजे ने छुरे से हमला कर दिया, जिसमें पिता इकबाल अहमद की मौत हो गई और बेटा बिलाल गंभीर रूप से ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
संवाद सूत्र, बिजनौर। बच्चों के विवाद की शिकायत करने एक पक्ष के घर गए बाप-बेटे पर युवक ने छुरे से हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। गांव वाले और स्वजन दोनों को सीएचसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने बाप को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे को रेफर किया गया है। आरोपित मरने वाले का रिश्ते का ही भतीजा है। वह फरार है।
बुधवार को गांव नींदडू निवासी 61 वर्षीय इकबाल अहमद के परिवार के बच्चों का उनके रिश्ते के भतीजे मोबीन के परिवार के बच्चों से झगड़ा गया था। तब मामला आया गया हो गया। गुरुवार सुबह इकबाल अपने बेटे 22 वर्षीय बिलाल के साथ मामले की शिकायत करने मोबीन के घर गया था।
घटना के बाद से आरोपी फरार
बातचीत के दौरान मोबीन गुस्से में घर से छुरा निकाल लाया और इकबाल अहमद व बिलाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। ग्रामीणों व स्वजन ने किसी तरह दोनों को मोबीन से बचाया। दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
स्वजन इकबाल अहमद और बिलाल को गंभीर हालत में सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने इकबाल अहमद को मृत घोषित कर दिया। बिलाल की भी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।
स्वजन ने बिलाल को धामपुर में ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं आरोपित फरार हो गया। इकबाल अहमद की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस को अभी मामले की तहरीर नहीं दी गई है।