बिजनौर में CM योगी और डीएम को सपा कार्यकर्ता के सोशल मीडिया अकाउंट से मिली धमकी, लोगों में आक्रोश
बिजनौर में एक सपा कार्यकर्ता के एक्स हैंडल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिजनौर डीएम को धमकी भरी पोस्ट वायरल हुई है। ...और पढ़ें

धामपुर में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित पोस्ट जिसमें सीएम व डीएम बिजनौर को अपशब्द लिखे गए
HighLights
सीएम योगी और बिजनौर डीएम को एक्स पर धमकी।
सपा कार्यकर्ता आदर्श चौहान के हैंडल से पोस्ट वायरल।
कार्यकर्ता ने हैंडल हैक होने का दावा किया।
संवाद सहयोगी, बिजनौर। स्योहारा रोड पर गांव अलावलपुर निवासी समाजवादी पार्टी (शिवपाल गुट) के एक कार्यकर्ता व आरटीआई एक्टिविस्ट ठाकुर आदर्श कुमार चौहान के एक्स (ट्विटर) हैंडल की एक पोस्ट बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई।
जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिजनौर डीएम को धमकी दी गई है। जिसमें अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए आपत्तिजनक शब्द भी लिखे गए हैं। पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होतेे ही सीएम व डीएम के समर्थन में भी लोग उतर आए इस पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बुधवार को ठाकुर आदर्श कुमार चौहान के नाम से एक्स (ट्विटर) हैंडल की एक पोस्ट प्रसारित हुई। जिसमें लिखा गया है कि मुख्यमंत्री और बिजनौर डीएम को चैलेंज है, खुलेआम जनसुनवाई पर झूठी रिपोर्ट लगाओ। जिस दिन सरकार बदल गई, तुम्हारी जिंदगी तिहाड़ में गुजरेगी। पोस्ट में आगे लिखा है कि सारे अधिकारी झूठी रिपोर्ट लगा रहे हैं, ऐसे सारे अधिकारियों पर थूकता हूं।...
यह पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुई। जिसके बाद कई लोगों ने अपने फेसबुक पर शेयर करके मुख्यमंत्री व डीएम बिजनौर के समर्थन में इस पोस्ट को लेकर सपा कार्यकर्ता पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि इस पोस्ट के बारे में सपा कार्यकर्ता आदर्श चौहान का कहना है कि उनका एक्स हैंडल काफी समय पहले हैक हो गया है, 26 जून को पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की थी। इस प्रकार की पोस्ट उन्होंने नहीं की है।