बिजनौर के भूतपुरी से उत्तराखंड के जसपुर को जाने वाला मार्ग बंद, वैकल्पिक रास्ता भी खस्ताहाल, यात्री परेशान
Bijnor News : बिजनौर में भूतपुरी से उत्तराखंड जाने वाला बनैली नदी का पुल बंद है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी हो रही है। वैकल्पिक मार्ग ...और पढ़ें

भूतपूरी से जसपुर का बंद मार्ग।
HighLights
उत्तराखंड की ओर आने-जाने वाले व स्थानीय लोग बदहाल मार्ग से गुजरने को मजबूर।
बरसात अधिक होने पर बढ़ेगी कई गुना परेशानी, कांवड़ यात्रा से पहले मरम्मत की मांग।
संवाद सहयोगी, धामपुर (बिजनौर)। हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे से उत्तरखंड को जाने वाले लोगों और स्थानीय जनता की परेशानी अब मानसून कई गुना बढ़ा देगा। पिछले एक माह से धामपुर तहसील के शेरकोट व भूतपुरी की ओर से उत्तराखंड को जाने वाले मार्ग पर पड़ने वाली बनैली नदी का पुल क्षतिग्रस्त होने के चलते बंद है।
इसके वैकल्पिक मार्ग के तौर पर मनोहरवाली रपटे से सुआवाला को जाने वाला मार्ग भी बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे व क्षतिग्रस्त मार्ग अब मानसून में आम जनता की परेशानी कई गुना बढ़ाएगा। लेकिन विभाग ने केवल खानापूर्ति करके यहां पैचिंग का कार्य कराया है।
तहसील धामपुर के भूतपुरी के पास से बनैली नदी गुजर रही है। यहां कई दशक पुराना पुल बना हुआ है, लेकिन कुछ माह पहले प्रशासन ने इसे जर्जर घोषित कर दिया था। जिससे यहां सीमेंटेड ब्लाक रखकर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। लेकिन वाहन चालक बार-बार ब्लाक हटाकर यहीं से गुजरते थे। इसके चलते जर्जर पुल होने के कारण विभाग ने लगभग एक माह पहले पुल पर दीवार लगाकर इसे पूरी तरह बंद कर दिया है।
जिसके बाद अब स्थानीय जनता को उत्तराखंड के जसपुर, काशीपुर जाने के लिए और उत्तराखंड के वाहन चालकों को यहां आने के लिए हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर रायपुरी बार्डर, रेहड़, बादीगढ़ और अफजलगढ़ हाेते हुए लगभग 15 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है।
खबरें और भी
वैकल्पिक मार्ग बदहाल

हाईवे से अधिक दूरी तय करने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग भी है। जो भूतपुरी से गांव मनोहरवाली रपटे से होते हुए सुआवाला मार्ग को जाता है। यही मार्ग आगे जाकर उत्तराखंड के जसपुर मार्ग पर मिलता है। लेकिन हाईवे का वैकल्पिक मार्ग होने के बावजूद यहां से गुजरना भी आम जनता के लिए असुविधाजनक है।
यह मार्ग करीब एक किलोमीटर तक गहरे गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में यदि हाईवे से जसपुर मार्ग बंद है तो विभाग को इसे दुरुस्त कराना चाहिए, जिससे यहां से आवागमन सुगम हो सके।
यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Economic Corridor की खामियां उजागर, बड़गांव कट पर किनारा धंसा, सड़क व किनारे पर डाली RCC के बीच दरार
शिवभक्तों को भी होगी परेशानी
उत्तराखंड को जाने वाला बनैली नदी का पुल बंद होने से इस वैकल्पिक मार्ग से ही आगामी कांवड़ यात्रा में शिवभक्त गुजरेंगे। ऐसे में यह बदहाल मार्ग होने के कारण शिवभक्तों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय की भी प्रशासन से मांग है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग की स्थाई रूप से मरम्मत करा कर दुरुस्त कराया जाए।
सड़क का निरीक्षण कर अच्छे से मरम्मत कराई जाएगी। पैचिंग का कार्य भी कराया गया है। निरीक्षण में कहीं कुछ कमी होगी तो उसे दुरुस्त कराया जाएगा। कावड़ियों को कोई परेशानी नही आने दी जाएगी, मजबूती से कार्य होगा।
-रवि कश्यप, जेई, लोक निर्माण विभाग