चंदौली में सावन में बढ़ने लगी यात्रियों की भीड़, चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी
पूर्व मध्य रेलवे ने सावन और त्योहारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि बढ़ा दी है। इससे बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट् ...और पढ़ें

यात्रियों की भीड़ को देखते हुए चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी।
HighLights
पूर्व मध्य रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें बढ़ाईं।
सावन और त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के कारण।
बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। सावन, त्योहारों और लगातार बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इससे बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और ओडिशा की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी तथा नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।
रेलवे के अनुसार, 03253/03254/03255 पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल का संचालन अब अगस्त से सितंबर मध्य तक जारी रहेगा। पटना से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार और बुधवार चलेगी, जबकि चर्लपल्ली से वापसी में बुधवार एवं शुक्रवार को परिचालित होगी।
इसी प्रकार 07091/07092 चर्लपल्ली-दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल का परिचालन भी 26 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर और काजीपेट मार्ग से प्रत्येक शनिवार चर्लपल्ली से तथा प्रत्येक सोमवार दानापुर से चलेगी। रेलवे ने 05557/05558 रक्सौल-लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल की अवधि में भी विस्तार किया है।
यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते अगस्त से सितंबर मध्य तक प्रत्येक मंगलवार रक्सौल से तथा प्रत्येक गुरुवार लोकमान्य तिलक से संचालित होगी। इसके अलावा 03230/03229 पटना-खोरधा रोड जंक्शन-पटना स्पेशल भी अगस्त के अंतिम सप्ताह तक चलेगी।