चंदौली में खेल मैदान से हटा अवैध कब्जा, बंद मदरसा सहित सात निर्माण पर पर चला बुलडोजर
चंदौली के बरवाडीह गांव में खेल के मैदान पर हुए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटा दिया। उप जिलाधिकारी के ...और पढ़ें
HighLights
चंदौली के बरवाडीह गांव में अवैध कब्जा हटाया गया।
खेल मैदान से बंद मदरसा और सात निर्माण ध्वस्त।
प्रशासन ने दो नोटिस के बाद सख्त कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, चंदौली। खेल के मैदान पर हो रहे अवैध कब्जे को आखिरकार प्रशासन ने हटवा दिया। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव में बुधवार को उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद मदरसा और सहित सात पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। दोपहर से शाम तक चली इस कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी शोर-शराबा और विरोध भी देखने को मिला।
बरवाडीह गांव में आराजी संख्या 333 खेल मैदान के लिए आरक्षित है। लेकिन कुछ ग्रामीणों ने इस जमीन पर कब्जा करके पक्के मकान और दुकानें बना ली थीं। इसी जगह पर एक निजी मदरसा भी संचालित था, जो लगभग एक वर्ष से बंद पड़ा था।
तहसील प्रशासन ने कब्जेदारों को जमीन खाली करने के लिए पहले दो बार लिखित नोटिस भेजा था। नोटिस के बाद भी जब कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया।
उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
उप जिलाधिकारी विनय मिश्र राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ बरवाडीह गांव पहुंचे। टीम के पहुंचते ही कब्जेदारों और उनके स्वजन ने विरोध शुरू कर दिया। काफी देर तक बहस और शोर-शराबे के बीच प्रशासनिक अधिकारी अपनी बात पर अड़े रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में पहले बंद मदरसा भवन को गिराया गया।
इसके बाद कल्लू जायसवाल, यीशु मियां, रामलाल सहित सात ग्रामीणों द्वारा बनाई गई दुकानों और पक्के मकानों को बैकहो लोडर की मदद से गिरा दिया गया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत न्यायालय से बेदखली का आदेश पारित हो चुका था। आदेश के बाद भी जमीन खाली न करने पर यह कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। तहसीलदार राहुल सिंह, लेखपाल मनीष सिंह, संजय पासवान, विनय कुमार, विक्रम पासवान, अजय मिश्रा, वैभव सिंह, वीरेंद्र कुमार, अतुल कुमार आदि थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।