Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंदौली की दुलहीपुर चौकी में घुसकर दंबगों ने प्रभारी और कांस्टेबल को पीटा, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 03:00 AM (IST)

    चंदौली के मुगलसराय में दुलहीपुर चौकी में घुसकर एक व्यक्ति ने प्रभारी संजय सिंह और एक सिपाही पर हमला कर दिया, जिससे प्रभारी घायल हो गए। ...और पढ़ें

    दुलहीपुर में दबिश देती पुलिस

    दुलहीपुर में दबिश देती पुलिस

    HighLights

    1. मुगलसराय की दुलहीपुर चौकी में पुलिस प्रभारी पर हमला।

    2. मीट दुकान बंद कराने के नोटिस पर हुआ विवाद।

    3. आरोपी प्रिंस सोनकर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश।

    जागरण संवाददाता, चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की दुलहीपुर चौकी में घुसकर शनिवार की शाम मनबढ़ों ने प्रभारी संजय सिंह और एक सिपाही पर हमला कर दिया। घायल चौकी प्रभारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित की तलाश शुरू कर दी।

    शासन की ओर से सड़क किनारे संचालित मीट एवं मुर्गे की दुकानों को बंद कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कांस्टेबल मोहित कुमार संबंधित दुकानदारों को नोटिस तामील कराने के लिए चौकी के पास ही स्थित मोहल्ले में गए थे। नोटिस की जानकारी लेने के लिए मांस विक्रेता अपने साथी के साथ चौकी में आया।

    इस बीच चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने चौकी प्रभारी के साथ हाथापाई कर दी। आसपास के लोगों ने बताया कि चौकी प्रभारी को गंभीर चोट आई है। घटना के बाद वह मौके से भाग निकला।

    पुलिसकर्मियों के साथ हुई इस घटना से महकमे में अफरातफरी मच गई। क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर आरोपित की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने आरोपित की पहचान प्रिंस सोनकर के रूप में पहचान कर ली है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

    खबरें और भी

    क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस तामील के दौरान एक युवक ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता और हाथापाई की। उसकी पहचान हो चुकी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- डीडीयू मंडल ने एक माह में 918 माल डिब्बों के ओवरहॉल से बनाया राष्ट्रीय कीर्तिमान