पर्यटन के मानचित्र पर चमकेगा चंदौली, औरवाटांड़ और छानपातर दरी बनेंगे प्रमुख केंद्र
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने नौगढ़ क्षेत्र के औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी का निरीक्षण किया। उन्होंने इन्हें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद ...और पढ़ें
HighLights
औरवाटांड़, छानपातर दरी बनेंगे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र।
सुरक्षा, सुविधाएं बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने दिए निर्देश।
एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली)। पूर्वांचल क्षेत्र में स्थित जिले की प्राकृतिक खूबसूरती अब देश और दुनिया के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगी। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रविवार को नौगढ़ क्षेत्र के प्रसिद्ध औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी का भ्रमण कर इन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नौगढ़ का यह इलाका प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और वर्तमान में पिकनिक व एडवेंचर के शौकीनों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग और वन निगम के सहयोग से यहां सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य कराए जाएंगे। आने वाले समय में यहां पर्यटकों के लिए एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क, वाच टावर और कैंटीन जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
पर्यटकों की आवागमन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीएफओ को झरने के किनारे मजबूत रेलिंग लगाने और ऊबड़-खाबड़ रास्तों को सुगम बनाने के लिए कहा। विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल, साफ-सुथरे शौचालय, खान-पान की उचित व्यवस्था और बैठने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार करने पर बल दिया गया।

औरवाटाड़ और छान पाथर जलप्रपात का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग
यह भी पढ़ें- DDU जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करना युवक को पड़ा भारी, गिरने से दोनों पैर कटे
अधिकारियों से मांगा गया सुझाव
जिलाधिकारी ने डीएफओ और पर्यटन अधिकारी से इन स्थलों को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए तकनीकी सुझाव मांगे हैं। उन्होंने कहा हमारी प्राथमिकता है कि औरवाटांड़ और छानपातर दरी को एक ऐसे पर्यटन माडल के रूप में विकसित किया जाए, जहां लोग परिवार के साथ आकर सुरक्षित महसूस करें और प्रकृति की खूबसूरती का आनंद ले सकें। शीघ्र ही यहां आधुनिक सुविधाओं को बहाल कर पर्यटकों के लिए द्वार खोल दिए जाएंगे।