DDU जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करना युवक को पड़ा भारी, गिरने से दोनों पैर कटे
पीडीडीयू जंक्शन पर फरक्का एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक युवक ट्रेन के नीचे गिर गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म छह पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती फरक्का एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एक युवक ट्रेन के नीचे गिर गया। जिससे उसके दोनों पैर कट गए।
मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बालूरघाट से भटिंडा जा रही अप 15733 फरक्का एक्सप्रेस निर्धारित समय के अनुसार शाम करीब पांच बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म छह पर पहुंची थी।
कुछ देर ठहराव के बाद ट्रेन जैसे ही आगे बढ़ी, उसी दौरान लगभग 32 वर्षीय युवक दौड़ते हुए ट्रेन पकड़ने पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। लेकिन पायदान पर पैर फिसलने से वह असंतुलित होकर सीधे नीचे गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, ट्रेन की चपेट में आ गया और उसके दोनों पैर बुरी तरह कट गए।
हादसा इतना भयावह था कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना को देख मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवान तुरंत सक्रिय हुए। कुछ जवान ट्रेन में चढ़ गए और चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, जबकि अन्य ने घायल युवक को बाहर निकालने में मदद की।
खबरें और भी
गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस के जरिए रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार युवक ने अत्यधिक रक्तस्राव झेला है, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में युवक फिसलकर नीचे गिर गया था। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।