Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्रावणी भीड़ से पहले पीडीडीयू जंक्शन पर उतरेगी RPF की कमांडो फोर्स, संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पैनी नजर

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 02:40 PM (IST)

    पीडीडीयू जंक्शन पर श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवरियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ की स्पेशल कोरस कमांडो फो ...और पढ़ें

    श्रावणी भीड़ से पहले पीडीडीयू जंक्शन पर उतरेगी RPF की कमांडो फोर्स।

    श्रावणी भीड़ से पहले पीडीडीयू जंक्शन पर उतरेगी RPF की कमांडो फोर्स।

    HighLights

    1. पीडीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ कोरस कमांडो फोर्स की तैनाती।

    2. श्रावण मास में कांवरियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन मुख्य लक्ष्य।

    3. वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कर रहे हैं सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी।

    जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवरियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बढ़ते यात्री दबाव के बीच रेलवे सुरक्षा बल की स्पेशल फोर्स कोरस कमांडो को जंक्शन पर तैनात करने की योजना बनाई गई है।

    वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर स्वयं पूरे सुरक्षा प्रबंध की निगरानी कर रहे हैं। उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, भगदड़ अथवा अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

    श्रावणी मेले के चरम पर पहुंचने के साथ ही पूर्वांचल, बिहार, झारखंड, बंगाल समेत कई राज्यों से आने वाले कांवरियों का सबसे बड़ा ट्रांजिट प्वाइंट पीडीडीयू जंक्शन बन गया है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां से देवघर के लिए रवाना हो रहे हैं। इसे देखते हुए स्टेशन परिसर के प्रवेश एवं निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

    कमांडो दस्ते को लगातार गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सुरक्षा अभियान में आरपीएफ के साथ जीआरपी, वाणिज्य विभाग तथा स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक भी सक्रिय रहेंगे। अलग-अलग टीमें यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म की जानकारी देने, भीड़ का दबाव नियंत्रित करने, कतार व्यवस्था बनाए रखने तथा बुजुर्ग, महिला एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सहायता में जुटेंगी।

    खबरें और भी

    स्टेशन परिसर में निरंतर निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी स्थान पर अनावश्यक जमावड़ा न बनने पाए। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

    प्रत्येक कांवरिये के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा सहायता मांगने वाले यात्री को तत्काल सहयोग उपलब्ध कराया जाए। रेलवे प्रशासन का मानना है कि बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से श्रावण मास के दौरान पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनी रहेगी।

    यह भी पढ़ें- लखीमपुर की शारदा नहर में कूदा युवक, पुलिस और गोताखोरों का तलाशी अभियान जारी