चित्रकूट: परिक्रमा मार्ग के बड़े हनुमान मंदिर की दानपेटी से 60 हजार रुपये चोरी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
चित्रकूट के कामदगिरि परिक्रमा मार्ग स्थित बड़े हनुमान मंदिर की दानपेटी से चोरों ने करीब 60 हजार रुपये चुरा लिए। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। धार्मिक नगरी में चोरों ने आस्था को निशाना बनाते हुए कामदगिरि परिक्रमा मार्ग स्थित बड़े हनुमान मंदिर की दानपेटी तोड़कर करीब 60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
रविवार रात वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। सोमवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे महांत और संतों को घटना की जानकारी हुई, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया।
मंदिर के महांत योगेंद्र दास महाराज ने बताया कि रविवार रात नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए गए थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर पहुंचे तो मुख्य शटर का ताला टूटा मिला।
अंदर जाकर देखा तो दुर्गा मंदिर के सामने रखी दानपेटी का ताला भी टूटा था और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। महांत ने बताया कि दानपेटी करीब डेढ़ वर्ष से नहीं खोली गई थी। श्रद्धालुओं की चढ़ौती से उसमें लगभग 60 हजार रुपये जमा होने का अनुमान है।
दानपेटी खोले जाने पर ही वास्तविक राशि का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि पिछली बार करीब एक वर्ष बाद दानपेटी खोली गई थी, जिसमें लगभग 40 हजार रुपये निकले थे। मध्यप्रदेश जिला सतना के नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बीएन तांडिया ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम सक्रिय है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।