चित्रकूट में सख्ती, रामघाट मार्ग पर लगेंगे 40 नए CCTV कैमरे, एक ही कंट्रोल सेंटर से होगी निगरानी
चित्रकूट में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रामघाट और परिक्रमा मार्ग पर 40 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी एक ही कमांड कंट्रोल सेंटर ...और पढ़ें

चित्रकूट में रामघाट पर 40 नए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
HighLights
40 नए सीसीटीवी कैमरे रामघाट और परिक्रमा मार्ग पर लगेंगे।
सभी कैमरों की निगरानी एक ही कमांड कंट्रोल सेंटर से होगी।
स्कूलों के 100 मीटर दायरे से तंबाकू दुकानें हटाई जाएंगी।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। धार्मिक नगरी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत होगी। अब पूरे शहर की निगरानी एक ही कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने धनुष चौराहे स्थित यातायात सुरक्षा एवं कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर परिक्रमा मार्ग और रामघाट पर 40 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कैमरों को एकीकृत नेटवर्क से जोड़कर एक ही कंट्रोल रूम से संचालित करने की व्यवस्था विकसित करने को कहा।
जिलाधिकारी को अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले के 13 प्रमुख स्थानों पर लगे 55 सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी इसी कंट्रोल सेंटर से की जा रही है। इनमें धनुष चौराहा, पटेल तिराहा, खोह तिराहा, शिवरामपुर और मानिकपुर सहित प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन कैमरों की मदद से कई घटनाओं के राजफाश में पुलिस को सफलता भी मिली है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि धार्मिक महत्व वाले रामघाट और परिक्रमा मार्ग पर अतिरिक्त 40 कैमरे शीघ्र लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा बढ़ाई जा सके और किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल साक्ष्य उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सभी कैमरों को एक ही कंट्रोल सेंटर से जोड़कर निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
डीएम ने स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित सीसीटीवी आपरेटर तैयार करने के भी निर्देश दिए। चित्रकूट में बंदरों की समस्या को देखते हुए ऐसे स्थानीय तकनीकी विशेषज्ञों की पहचान की जाए, जो कैमरों के रखरखाव और संचालन की स्थायी व्यवस्था विकसित कर सकें। इससे निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनेगी।
खबरें और भी
स्कूल के 100 मीटर दायरे से हटेंगी दुकानें
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने शनिवार को धनुष चौराहा स्थित परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने तंबाकू, गुटखा और धूम्रपान सामग्री की दुकानें संचालित मिलने पर उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल इन्हें हटाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में नकली खाद का बड़ा खेल उजागर, डीएपी-यूरिया की बोरियों में भर रहे थे दूसरी खाद
डीएम ने कहा कि विद्यालय के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं धूम्रपान सामग्री की बिक्री प्रतिबंधित है। संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि दोबारा प्रतिबंधित क्षेत्र में बिक्री करते पाए गए तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।