84 करोड़ से संवरेंगे चित्रकूट मंडल के धार्मिक स्थल, बनेगा विश्वस्तरीय पर्यटन हब, यहां देखें पूरी सूची
चित्रकूट मंडल के धार्मिक स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने के लिए सरकार ने 84 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाएं शुरू की हैं। इनमें चित्रकूट में 15 ...और पढ़ें

सर्किट हाउस में बैठक लेते पर्यटन संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह (बाएं) साथ में पूर्व सांसद आरके पटेल। सूचना विभाग
HighLights
चित्रकूट मंडल के धार्मिक स्थलों का 84 करोड़ से विकास
रामघाट, तुलसी घाट पर आरती स्थल, प्रवेश द्वार बनेंगे
पर्यटन मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट और पूरे चित्रकूट मंडल को देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की लगभग 84 करोड़ रुपये लागत वाली 31 परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इनमें सबसे अधिक 15 परियोजनाएं अकेले चित्रकूट की हैं, जिनसे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुई मंत्री ने बताया कि प्रयागराज-चित्रकूट, बांदा-चित्रकूट और कौशांबी-चित्रकूट मार्ग पर तीन भव्य थीम आधारित प्रवेश द्वार, बेड़ी पुलिया से शंख चौक तक पर्यटन विकास कार्य, रामघाट पर कथा स्थल, तुलसी घाट पर आरती स्थल, प्राणु बाबा आश्रम, मानिकपुर के लैना बाबा मंदिर, मारी माता मंदिर तथा बोड़ी पोखरी के सौंदर्यीकरण और हाईमास्ट लाइट लगाने जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों से चित्रकूट की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि विकास कार्य केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक स्थल की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा भी सुरक्षित रखी जाए। उन्होंने एक करोड़ रुपये तक की सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं नवंबर तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता, समयबद्धता और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
बैठक में लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘परंपरा’ वन स्टाप सेंटर फॉर टूरिज्म एंड कल्चर की भी समीक्षा की गई। यह केंद्र पर्यटकों को एक ही स्थान पर पर्यटन संबंधी जानकारी, सांस्कृतिक विरासत का परिचय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा बांदा, महोबा और हमीरपुर जनपदों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और धर्मार्थ कार्य विभाग की परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
खबरें और भी
मंत्री ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। हमीरपुर राठ विधायक मनीषा, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, डीसीपी चेयरमैन पंकज अग्रवाल, पूर्व मंत्री चंदिका प्रसाद उपाध्याय, जिला महामंत्री डा अश्विनी अवस्थी, एमडी पर्यटन आशीष कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी चित्रकूट डीके शर्मा रहे।