चित्रकूट में पारिवारिक विवाद के बाद खौफनाक कदम, पत्नी रोते हुए बोली- बच्चों और पति को बचा लो, अब ऐसी गलती कभी नहीं करूंगी
चित्रकूट में पारिवारिक विवाद के बाद एक पिता ने अपने दो बच्चों को जहर देकर खुद भी खा लिया, जिससे तीनों की हालत गंभीर है। पत्नी वंदना अपने पति और बच्चों ...और पढ़ें

HighLights
पिता ने पारिवारिक विवाद में बच्चों को जहर दिया।
बच्चों की पढ़ाई को लेकर हुआ था विवाद।
पत्नी वंदना पति-बच्चों को बचाने की गुहार लगा रही।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मानवता को झकझोर देने वाली घटनाएं सुनकर ही रूह कांप जाती है। रविवार को मानिकपुर क्षेत्र के सरहट में जो हुआ, उसने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। हालांकि अब भी पिता और उसके दोनों मासूम बच्चे जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इस घटना के बाद से बच्चों और कजली की मां वंदना का रो-रोकर बुरा हाल है।
ढांढस बंधाने आईं महिलाओं के कंधे पर सिर रखकर वह बार-बार यही कह रही है - 'भगवान मेरे बच्चों और पति को बचा लो। अब ऐसी गलती कभी नहीं करूंगी।' वंदना पति और बच्चों के पास जाने की जिद कर रही है। थाना प्रभारी अजीत पांडेय ने बताया कि महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ उसे प्रयागराज भेजा गया है। इलाके में यह पहला मामला नहीं है।
कुछ दिन पहले ही मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में पति से खर्च के लिए रुपये न मिलने पर एक महिला ने अपने दूधमुंहे बच्चे को कमर में बांधकर कुएं में कूदकर जान दे दी थी। महिला इस बात से आहत थी कि पति ने उसे रुपये नहीं दिए, जबकि अपनी मां को बाजार जाने के लिए दो सौ रुपये दे दिए थे। वहीं राजापुर क्षेत्र में गुजरात से चार बच्चों की मां को शादी का झांसा देकर लाए युवक ने पहली पत्नी के साथ मिलकर उस महिला और चारों बच्चों की हत्या कर शव बोरे में भरकर फेंक दिए थे।
पूरी योजना बनाकर शिवचंद्र ने किया काम
परचून की दुकान संचालित करने वाले शिवचंद्र को बाजार से कुछ लेने नहीं जाना पड़ा। दुकान में ही कोल्ड ड्रिंक बेचता है और कीटनाशक भी घर में रखा था। पत्नी वंदना से विवाद होने पर उसने यह भी कहा कि वह बच्चों के सामने उसकी बेज्जती करती है। ऐसे में संभावना है कि उसने खुद जान देने के साथ ही बच्चों को भी अपने साथ ले जाकर मारने की पूर्व में योजना बनाई थी। बच्चे ज्यादा विरोध और सवाल न कर सकें इसलिए उसने कोल्ड ड्रिंक ली थी ताकि इसमें दवा मिला दे तो बच्चों को पता नहीं चले और वह आसानी से पी सकें। बच्चों के पीने के बाद ही उसने कोल्ड ड्रिंक पी। शिवचंद्र की पत्नी वंदना ने बताया कि उसके दोनों बच्चों को चिप्स के साथ फ्रूटी ही पसंद थी इसलिए पति वहीं कोल्ड ड्रिंक साथ में ले गया था।
खबरें और भी
पुलिस को नहीं जानकारी
इस पूरी घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने को दिनभर नहीं हो सकी। जिस घर के बच्चे गायब थे उनके स्वजन ने भी पुलिस को सूचना न देकर खुद ही खोजबीन करते रहे। शाम को जब शिवचंद्र और उसके दोनों बच्चे सीएचसी पहुंचे तो अस्पताल का मेमो थाने पहुंचा। थाना प्रभारी अजीत पांडेय ने बताया कि शाम को ही जानकारी मिली तो वह सब अस्पताल पहुंचे और पूरी जानकारी ली। स्वजन ने बताया कि घटनास्थल से चिप्स के पैकेट और कोल्ड ड्रिंक की खाली शीशी मिली है।