Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चित्रकूट को मिलेगी बड़ी सौगात, सीएम योगी ने दिए 300 शैया मेडिकल कॉलेज के निर्देश

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 09:57 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में 300 शैया वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

    सीआइसी के मंच पर पहुंचने पर लोगों को अभिवादन करते सीएम योगी आदित्यानाथ व अन्य जन प्रतिनिधि। जागरण

    सीआइसी के मंच पर पहुंचने पर लोगों को अभिवादन करते सीएम योगी आदित्यानाथ व अन्य जन प्रतिनिधि। जागरण  

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री ने 300 शैया मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए

    2. आयुष्मान योजना, टीबी उन्मूलन और गोवंश संरक्षण पर भी समीक्षा की

    3. अवैध खनन, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों पर सख्त निर्देश दिए

    जागरण संवाददाता, चित्रकूट। तपोभूमि को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनपद में न्यूनतम 300 शैया वाले मेडिकल कालेज की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर चित्रकूट को विकास के नए मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।


    मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिकता पर रखा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की जानकारी लेने के बाद उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत अस्पतालों का भुगतान समय पर हो तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पोषण किट की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। टीबी उन्मूलन अभियान में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से एक-एक टीबी मरीज को गोद लेकर उसके उपचार और पोषण में सहयोग करने का आह्वान किया।

    वन विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने 12 जुलाई को प्रस्तावित पौधारोपण अभियान के तहत 88 लाख पौधे लगाने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने वन भूमि से अवैध कब्जे हटाने और आम लोगों द्वारा उपयोग किए जाने वाले वन मार्गों के विकास के निर्देश दिए।

    पशुपालन विभाग को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंशी सड़क पर दिखाई नहीं देना चाहिए। गोशालाओं में भूसे के साथ हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने माध्यमिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार तथा बेसिक शिक्षा विभाग में कायाकल्प योजना के सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पात्र विद्यार्थियों को समय पर यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।

    खबरें और भी


    कृषि, पर्यटन और लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने किसानों को समय पर बीज, उर्वरक और प्राकृतिक आपदा की क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने, निर्माणाधीन पर्यटन परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई, मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान, छोटी धर्मशालाओं के विकास, जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने तथा पुलिस को नियमित गश्त, भू-माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विकास कार्य गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए।

    यह भी पढ़ें- चित्रकूट तपोभूमि में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- समाजवादी राम से दूरी बनाते हैं बाबर को आर्दश मानते