विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का रौद्र रूप: रामघाट डूबा, बस्तियों में घुसा पानी

Updated: Sat, 29 Aug 2026 10:57 AM (IST)

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है, जहां जलस्तर खतरे के निशान से 4.2 मीटर ऊपर पहुंच गया है और रामघाट पूरी तरह डूब गया है।

बस्ती में घुसा मंदाकिनी का पानी।

बस्ती में घुसा मंदाकिनी का पानी।

HighLights

  1. मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 4.2 मीटर ऊपर।

  2. तीन घंटे में पांच मीटर बढ़ा जलस्तर, रामघाट डूबा।

  3. सीतापुर, तरौंहा की बस्तियों में पानी, प्रशासन बचाव में।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मंदाकिनी नदी ने शनिवार सुबह ऐसा रौद्र रूप धारण किया कि महज तीन घंटे 15 मिनट में जलस्तर पांच मीटर बढ़ गया। सुबह पौन सात बजे रामघाट पर 125.700 मीटर रहा जलस्तर 10 बजे तक बढ़कर 130.700 मीटर पहुंच गया। सुबह 7:10 बजे ही नदी खतरे के निशान 126.500 मीटर को पार कर गई।

तेजी से बढ़ते पानी ने रामघाट को पूरी तरह अपनी आगोश में ले लिया, वहीं सीतापुर, पुरानी लंका, आरोग्यधाम और कर्वी नगर के तरौंहा की बस्तियों में पानी घुस गया। राजस्व और पुलिस की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी रहीं।

खतरे के निशान से 4.2 मीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर, रामघाट डूबा

मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों और चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ की स्थिति लगातार विकराल होती जा रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से घाटों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं।

इस साल की सबसे बड़ी बाढ़, तीन घंटे में पांच मीटर उफनी मंदाकिनी

डीएम पुलकित गर्ग, एसपी अरुण कुमार सिंह और एसडीएम सदर अजय कुमार ने टीमों के साथ स्थिति का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अलर्ट किया। मंदाकिनी के बढ़ते तेवर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुबह 6:45 बजे जलस्तर 125.700 मीटर था। 7 बजे 126.300 और 7:10 बजे 126.500 मीटर पहुंच गया।

इसके बाद 7:20 बजे 126.850, 7:30 बजे 127.300 और आठ बजे 128.200 मीटर दर्ज किया गया। 8:30 बजे 128.900, नौ बजे 129.400, 9:30 बजे 130 मीटर और 9:45 बजे 130.400 मीटर पहुंच गया। दस बजे जलस्तर 130.700 मीटर दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के जॉर्ज टाउन में स्वामीनारायण मंदिर का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला

यह भी पढ़ें- राहत की खबर: उरई में यमुना और बेतवा नदियों का जलस्तर घटा

2003 के रिकॉर्ड की बढ़ी चिंता

इस साल एक सप्ताह पहले नदी का जलस्तर 129.200 मीटर तक पहुंचा था, लेकिन शनिवार को उसने यह स्तर भी पीछे छोड़ दिया। वर्ष 2003 में मंदाकिनी 134.500 मीटर के हाई फ्लड लेवल तक पहुंची थी। लगातार बारिश जारी रहने पर पुराने रिकार्ड की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।